MP में 16 जून तक तेज गर्मी, 17 से बारिश
भोपाल. अरब सागर में उठा तूफान ‘बिपरजॉय’ और राजस्थान के गर्म रहने की वजह से मध्यप्रदेश में भी गर्मी का असर है। यह प्रभाव अगले 3 दिन यानी 14, 15 और 16 जून तक रहेगा। 17 जून से प्रदेश में मौसम बदलेगा और गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। हालांकि, अगले तीन दिन तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि लोकल सिस्टम की बारिश कराएगा। 20 जून के बाद ही मानसून प्रदेश में एंट्री करेगा।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि तूफान ने सारी नमी खींच ली है। इस कारण प्रदेश में मौसम साफ है। सूरज की धूप सीधे जमीन पर आ रही है। इससे तेज गर्मी है। दूसरी ओर राजस्थान भी गर्म है। इस कारण वहां से गर्म हवाएं मध्यप्रदेश में आ रही हैं और सीमा के जिलों में गर्मी का असर ज्यादा है। बुधवार को छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव में लू जैसे हालात बने रहेंगे। अभी टेम्प्रेचर यहां सबसे ज्यादा है। अगले तीन दिन यहां तेज गर्मी पड़ने के आसार बन रहे हैं। तूफान पाकिस्तान के रास्ते राजस्थान में जाएगा। वहां पर 16-17 जून को बारिश होने के आसार हैं। इस कारण मध्यप्रदेश में भी मौसम बदलेगा। गर्म हवाएं ठंडी हवाओं में बदल जाएगी और गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
