लॉरेन्स विश्नोई गैंग के गुर्गे को ग्वालियर लाई पुलिस
ग्वालियर. ग्वालियर पुलिस जयपुर राजस्थान से लॉरेन्स विश्नोई गैंग के गुर्गे बाबा को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर ग्वालियर आई है। बाबा कुछ दिन पहले एनकाउंटर में जयपुर में पकड़ा गय था। उसकी तलाश आठ महीने से पुलिस को थी। ग्वालियर के एक बिल्डर को उसने हत्या की धमकी देकर 10 लाख रुपए का टैरर टैक्स मांगा था। इतना ही नहीं बिल्डर के घर पर फायरिंग भी कराई थी। फायरिंग के बाद कॉल कर कहा था कि दरवाजे में इतने छेद करेंगे छलनी बन जाएगी। जिस पर हजीरा थाना में मामला भी दर्ज किया गया था। जब राजस्थान में आरोपी को पकड़े जाने की खबर मिली तो पुलिस उसे पूछताछ के लिए लेकर आई है।
यह है पूरा मामला
हजीरा निवासी ITBP के रिटायर्ड जवान के बेटे भूपेन्द्र शर्मा बिल्डर हैं। 8 अक्टूबर 2022 को भूपेन्द्र के मोबाइल पर कॉल आता है। जब वह कॉल रिसीव करता है तो सामने से धमकी भरे अंदाज में बात की जाती है। कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेन्स विश्नोई गैंग का सदस्य बाबा बताते हुए कहा कि 10 लाख रुपए का इंतजाम कर ले, नहीं तो जान से हाथ धोना पड़ सकता है। कॉल करने वाले ने कहा कि आजकल इंदौर में प्लॉटिंग कर रहा है। नई कार ले रहा है। बहुत माल कमा रहा है। जब भूपेन्द्र ने 10 लाख रुपए देने से मना किया तो बदमाश ने उसे धमकाया कि बॉस का आदेश है 10 लाख रुपए वसूलने हैं। यदि वह 50 लाख रुपए कहते तो तुझे वो भी देना पड़ते। तेरे पास दो दिन का समय है। इसके बाद हम आएंगे या हमारी गोली आएगी।
