मातम में बदली खुशियां, कुएं के चबूतरे पर बिछे गद्दों पर खेलते-खेलते उसमें जा गिरा
ग्वालियर. जनकगंज के संजयनगर मूलाजी की खोह में रविवार की रात 2 परिवानों की खुशियां मातम में बदल गयी। यहां एक खुले पड़े कुयें ने 13 साल के मासूम की जान ले ली है। भिंड के बरासों से बुआ की बेटी (फुफेरी बहन) की लगुन में आया 13 साल का प्रेम रजक खेलते समय कुयें में गिर गया। घटना रात लगभग 9.30 बजे की है।
लगुन संजयनगर निवासी कामता प्रसाद के बेटे धर्मेन्द्र की थी। खुले कुयें के चबूतरे पर मेहमानों के लिये लड़के वालों ने गद्दे बिछवाये थे। जिस पर नाबालिग खेल रहा था। खेलते समय उसका पैर फिसला और वह कुयें में जा गिरा। 30 मिनट बाद अग्निशमन और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। लगभग 1.45 मिनट की मशक्कत के बाद रात 11.10 बजे प्रेम को कुऐं बाहर निकाला जा सका।
हादसा या हत्या, जिम्मेदार कौन?
गृह विभाग के निर्देशों के बाद भी प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त मुहिम चलाई फिर कहा शहर के सभी कुएं बावड़ी कवर किए। परिजन बोले-हादसे के बाद अगर समय से शुरू होता बचाव कार्य तो बच जाती मासूम की जान।
पहले कांटे में फंसाया, फिर बाहर निकाला
प्रेम को निकालने कुएं में उतरे इस्माइल खान ने बताया कि करीब 30 फीट नीचे उतरने के बाद कुएं में पानी था। अंधेरे में कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। इसलिए पानी के अंदर कांटा डाला। इसमें प्रेम का कपड़ा फंसा और फिर उसे बाहर निकाला जा सका।
