दिग्विजय अपनी ही पार्टी के नेता पर भड़के, मंच से उतरने को कहा, तो बहस करने लगा नेता
बुरहानपुर. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपनी ही पार्टी के नेता पर भड़क गए। दरअसल उन्होंने नेता को मंच से उतरने को कहा था। जिस पर वह उनसे बहस करने लगा। दिग्विजय सिंह बुरहानपुर पहुंचे थे। जहां कांग्रेस के मंडलम और सेक्टर के कार्यकर्ता-पदाधिकारियों की बैठक में ये वाकया हुआ।
दिग्विजय सिंह ने पूछा कि यह कौन हैं
बैठक शहर की इंदिरा कॉलोनी स्थित ऑडिटोरियम में हुई। प्रोटोकाल के तहत वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष और महिला प्रमुख को मंच पर बैठाया गया था। लेकिन ग्रामीण कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष और पार्षद अबरार साहब भी मंच पर पहुंच गए। जिस पर दिग्विजय सिंह ने स्थानीय नेताओं से पूछा कि यह कौन हैं। यूथ कांग्रेस के हैं क्या। तब अबरार साहब ने कहा कि चले जाते हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा- आप यहां न बैठें सामने बैठें या चले जाएं। इस पर ग्रामीण जिलाध्यक्ष यह कहते हुए निकले कि क्या आपको अल्पसंख्यकों की जरूरत नहीं है। इस पर दिग्विजय सिंह गुस्सा हो गए। उन्होंने कहा आप चले जाएं। ऐसे लोगों की जरूरत नहीं है।
ग्रामीण जिलाध्यक्ष ने कहा यह अल्पसंख्यकों का अपमान
ग्रामीण कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष अबरार साहब ने कहा कि यह अल्पसंख्यकों का अपमान है। मुझे मंच से उतार दिया गया। मैंने कहा अल्पसंख्यक होने पर अपमान कर रहे हो। वहीं बाद में दिग्विजय सिंह ने कहा कि वे गलत आरोप लगा रहे हैं।
