आयुर्वेद से उपचार के नाम पर 42 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को पुलिस ने राजस्थान से किया गिरफ्तार
बुजुर्ग दंपत्ति को धोखा देकर हड़पी जीवनभर की कमाई पुलिस ने आरोपियों से वापस करवाई पाई-पाई
भोपाल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दिशा-निर्देशन में प्रदेश में अपराध व अपराधियों पर नियंत्रण के लिए मध्य प्रदेश पुलिस निरंतर और सक्रियतापूर्वक कार्य कर रही है। हाल ही में भोपाल की क्राइम ब्रांच ने आयुर्वेदिक उपचार के नाम पर 42 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के 4 आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया। उल्लेखनीय है कि क्राइम ब्रांच की टीम ने लगातार एक सप्ताह तक राजस्थान में आरोपियों के ठिकानों के आसपास घेराबंदी कर रखी थी। इस अवधि के दौरान पुलिस ने सजगता और तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर फरियादी को संपूर्ण राशि वापस दिलवाकर उन्हें खुशियां लौटाई। संपूर्ण राशि मिलने पर फरियादी ने पुलिस कमिश्नरेट पहुंचकर मध्य प्रदेश पुलिस का धन्यवाद व्यक्त कर उनके इस कार्य की सराहना की।
मप्र पुलिस का मैं जीवन भर ऋणी रहूंगा – फरियादी
संपूर्ण राशि वापस मिलने पर फरियादी राकेश मोहन विरमानी का कहना है कि उनके लिए यह एक स्वप्न के पूरा होने जैसी स्थिति है। उन्होंने कहा कि क्राइम ब्रांच की जितनी प्रशंसा की जाए,कम है। वे लगभग निराशा के गर्त में डूब चुके थे क्योंकि जितनी भी राशि थी, वह उनके प्रॉविडेंट फंड और ग्रेच्युटी की थी और उसी के मासिक ब्याज से उनका घर चलता था। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस का मैं जीवनभर ऋणी रहूंगा क्योंकि यही राशि मुझे बढ़ती उम्र में काम आएगी। उन्होंने डीजीपी श्री सुधीर सक्सेना, कमिश्नर श्री हरिनारायणचारी मिश्र और मध्य प्रदेश पुलिस की टीम के सभी लोगों का आभार व्यक्त किया, जो इस कार्रवाई में शामिल हुए ।
फरियादी को जाल में फंसाया
इस संबंध में फरियादी राकेश मोहन विरमानी निवासी बावड़िया कलां, थाना शाहपुरा,भोपाल ने लिखित शिकायत में बताया कि उनकी पत्नी को डीप वैनथ्रोम्बोसिस नाम की बीमारी है, जिसमें पैरों में दर्द होता है व सूजन रहती है। उनका कई जगह उपचार करवाया गया, परंतु आराम नहीं मिला। 4 फरवरी को जब वे अपनी पत्नी के साथ एमपी नगर में आए थे, तब उनकी पत्नी बीमारी के कारण ठीक से चल नहीं पा रही थी, तब वहां खड़े एक युवक ने पूछा कि आप इस तरह क्यों चल रही है, तब उन्होंने युवक को पत्नी की बीमारी के बारे में बताया। तब युवक ने बताया कि उनकी पत्नी का उपचार मुम्बई के पटेल डॉक्टर से करवाएं। युवक ने उन्हें डॉ.पटेल का मोबाइल नंबर देकर कहा कि डॉक्टर अभी भोपाल में ही हैं। उस युवक ने अपना नाम राजीव बताया।
