शहर को स्वच्छ बनाने के लिये दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ कार्य करना जरूरी – महापौर
ग्वालियर -शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिये हम सबको दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी निभाना होगी। सभी के प्रयासों से ही हम अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर बना सकते हैं। महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार ने रविवार को स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 के तहत 23 अप्रैल से शुरू हुए स्वच्छता पखवाड़े के शुभारंभ अवसर पर यह बात कही।
महापौर डॉ. शोभा सिकरवार ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में ग्वालियर को अव्वल स्थान मिले इसके लिये केवल शासन प्रशासन ही नहीं सभी जनप्रतिनिधियों और शहर के हर नागरिक को दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी निभाना होगी। उन्होंने कहा कि ग्वालियर नगर निगम का पूरा अमला अपने सभी संसाधनों के साथ नियमित रूप से स्वच्छता के कार्य में लगा है। हमारे प्रयासों में कोई कमी नहीं है, लेकिन हमें अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी दृढ़ इच्छाशक्ति से करने की आवश्कता है।
महापौर ने नगर निगम के सभी पार्षदों से भी अपील की है कि वे अपने – अपने वार्ड में स्वच्छता अभियान के तहत निरंतर सक्रियता के साथ अपनी सहभागिता करें और नागरिकों को भी इस अभियान में भागीदार बनाएँ। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता के कार्य में जो लोग लापरवाही बरत रहे हैं उनके विरूद्ध भी कार्रवाई होना चाहिए।
नगर निगम के सभापति मनोज तोमर ने कहा कि स्वच्छता अभियान में नगर निगम का पूरा अमला पूरी मेहनत के साथ काम कर रहा है। शहर के हर नागरिक को इस अभियान से जोड़कर इसे जन अभियान बनाने की आवश्यकता है।
निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने सभी पार्षदों से भी आग्रह किया कि वे स्वच्छता रैकिंग के लिये किए जा रहे प्रयासों में न केवल स्वयं सहयोग करें बल्कि समाज के सभी वर्गों को स्वच्छता अभियान में जोड़ने के कार्य में भी अपनी अहम भूमिका का निर्वहन करें। पार्षदगण अपने-अपने वार्ड में निरंतर जन जागरूकता के अभियान भी चलाएँ और इससे जन जन को जोड़ें तो कोई कारण नहीं है कि हमारा शहर स्वच्छता में पीछे रहे।
महापौर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ
महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार ने स्वच्छता पखवाड़े के आयोजन में सभी पार्षदों और निगम के अमले को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
