परशुराम जयंती कार्यक्रम में बोले CM शिवराज- ब्राह्मण कल्याण बोर्ड बनाएंगे, पुजारियों को 5 हजार रु. भत्ता मिलेगा
भोपाल. लालघाटी स्थित गुफा मंदिर परिसर में शनिवार सुबह परशुराम जयंती पर ‘अक्षयोत्सव 2023’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्राह्मण कल्याण बोर्ड बनाने की बात कही, साथ ही पुजारियों को 5 हजार रु. भत्ता देने और गुफा मंदिर में नया भवन बनाने की घोषणा भी की। मंदिरों की कोई भी गतिविधि सरकार संचालित नहीं करेगी। जितनी जमीन मंदिरों के नाम है, उनको कलेक्टर नीलाम नहीं करेंगे, बल्कि उनको पुजारी ही नीलाम कर सकेंगे।
सीएम शिवराज ने कहा- सरकारी स्कूलों में संस्कृत के शिक्षकों की भर्ती प्रारंभ कर दी गई है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 3,547 संस्कृत शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। प्रदेश के मंदिरों के पुजारियों को प्रतिमाह 5 हजार रुपए भत्ता और संस्कृत पढ़ने वाले कर्मकांडी बच्चों को स्कॉरशिप देने की पहल की गई है। गुफा मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल भवन बनेगा। आठवीं की किताब में भगवान परशुराम के जीवन को सम्मिलित किया गया था, हम केवल अकबर को नहीं पढ़ाएंगे, हम राम को भी पढ़ाएंगे, परशुराम को भी पढ़ाएंगे। इतिहास को सही ढंग से लिखने की कोशिश करेंगे।
मुख्यमंत्री आगे बोले- भगवान परशुराम जी को न्याय के देवता के रूप में जाना जाता है। उन्होंने आततायियों का नाश करने के लिए फरसा उठाया था। उनकी प्रेरणा से मध्यप्रदेश की धरती पर गुंडे, बदमाश, नक्सलियों की खैर नहीं है। प्रदेश सरकार पूरी ताकत के साथ अभियान चला रही है।
