ग्वालियर में 18 मीटर से चौड़ी सड़कों पर मिलेगी व्यवसायिक अनुमति, आवसीय भूखंड पर बनेंगी 12.5 मीटर ऊंची इमारतें
ग्वालियर. मध्य प्रदेश शासन ने ग्वालियर शहर का 2035 तक मास्टर प्लान लागू कर दिया है। इसके लागू होने से शहर की 18 मीटर से अधिक चौड़ी सड़कों पर व्यवसायिक भवन के निर्माण की अनुमति मिल सकेगी। साथ ही आवासीय भूंखड पर 12.50 मीटर ऊंची इमारतें बन सकेंगी। अभी तक नौ मीटर ऊंची इमारत की अनुमति मिल रही थी। इसके अलावा मैकेनाइज्ड पार्किंग की स्वीकृति होने से अतिरिक्त पार्किंग का विकास हो सकेगा साथ ही शहर विकास के रास्ते खुलेंगे।
प्रस्ताव शासल के पास था लंबित
मास्टर प्लान लंबे समय से शासन के पास लंबित था। इसे लेकर हाई कोर्ट में जनिहत याचिका दायर की थी। हाई कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि मास्टर प्लान को लेकर जिम्मेदार अधिकारी का शपथ पत्र पेश किया जाए। अधिकारियों को कोर्ट की नाराजगी का सामना नहीं करना पड़े, उससे पहले ही अधिसूचना जारी कर दी गई। 20 अप्रैल को मास्टर प्लान की अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना के दिन से लागू हो गया है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के जाइंट डायरेक्टर बीके शर्मा का कहना है कि मास्टर प्लान लागू हो गया है।
