MP में अवैध मदरसों का होगा रिव्‍यू, आज शाम दिल्‍ली जाएंगे CM शिवराज

भोपाल. प्रदेश शासन अब ऐसे संस्थानों पर शिकंजा कसने जा रहा है, जहां बच्चों को शिक्षा के नाम पर कट्टरता का पाठ पढ़ाया जाता है। अवैध मदरसे समेत ऐसे संस्थानों का अब रिव्यू किया जाएगा। इसके अलावा इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक खबरें, संवेदनहीन, कट्टरता बढ़ाने वाले कमेंट लिखने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। सीएम शिवराज ने आज अपने आवास पर कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस आशय के निर्देश दिए। सीएम शिवराज ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में कट्टरता और अतिवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सीएम शिवराज ने अधिकारियों से कहा कि इंटरनेट मीडिया पर नजर रखें। भ्रामक खबरें, संवेदनहीन, कट्टरता बढ़ाने वाले कमेंट लिखने वालों को पहचानें और आवश्यक कार्रवाई करें। आगामी दिनों में त्योहारों को लेकर जेएमबी और पीएफआइ जैसे संगठनों और इंटरनेट मीडिया पर भ्रम फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने और प्रदेश में कहीं भी कोई अवैध गतिविधियां संचालित नहीं हो, इसको लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। सीएम ने अधिकारियों से यह भी कहा कि अहाते बंद होने के बाद कहीं और से शराब न बिके इस पर सतत नजर रखे और कार्रवाई करें। ऐसे स्थानों को ध्वस्त करें। अवैध रेत के खिलाफ अच्छी कार्रवाई की गई है। इस बैठक में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, गृह विभाग के प्रमुख सचिव राजेश राजौरा, डीजीपी सुधीर सक्सेना, एडीजी इंटेलिजेंस और मुख्यमंत्री के ओएसडी अंशुमन सिंह भी उपस्थित रहे। इसके अलावा सभी जिलों के आला पुलिस अधिकारी बैठक से वर्चुअली जुड़े।

आज शाम दिल्ली जाएंगे सीएम शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे। श्री चौहान शाम 4.30 बजे दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और अश्विनी वैष्णव से मिलकर विभागीय विषयो पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज रात्रि 9 बजे दिल्ली से वापस भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *