महाआर्यमन सिंधिया कोरोना संक्रमित
ग्वालियर. मध्यप्रदेश में एक बार फिर कोरोना पांव पसार रहा है। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महाआर्यमन कुछ दिनों से खांसी-बुखार से पीड़ित थे। डॉक्टरों ने उन्हें कोविड टेस्ट कराने की सलाह दी। देर रात मिली रिपोर्ट में वे संक्रमित पाए गए हैं।
एहतियात के तौर पर महाआर्यमन सिंधिया को जय विलास पैलेस महल में होम आइसोलेशन में रखा गया है। इसके साथ ही जिले में कोविड-19 मरीजों की संख्या 15 हो गई है। जनवरी 2023 से लेकर अभी तक 22 मरीज सामने आए हैं। चिंता की बात यह है कि मंगलवार को 7 मरीज सामने आए थे। ग्वालियर सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा का कहना है कि कोई मरीज गंभीर हालात में नहीं है। फिर भी सभी पॉजिटिव मरीजों की कॉन्टैक्ट हिस्ट्री तैयार कराई जा रही है, ताकि कोरोना के फैलाव को समय से पहले ही रोका जा सके।
