सिंधिया के पिता के नाम पर बने जिला अस्पताल में एक महीने से नहीं है एक्स-रे फिल्म, कागज पर दिया जा रहा एक्स-रे

ग्वालियर. सिंधिया के पिता स्व.माधवराव सिंधिया के नाम पर बने जिला अस्पताल में एक नया कारनामा हो रहा है। यहां मरीजों और उनके परिजन को एक्स-रे फिल्म पर नहीं बल्कि A-4 साइज के कागज की शीट पर दिया जा रहा है। आप खुद ही समझ करते हैं कि ग्वालियर में स्वास्थ्य सेवाओं को चाक चौबंध करने का दावा कितना हकीकत है और कितना ढोंग। जिला अस्पताल में एक महीने से एक्स-रे फिल्म तक नहीं है और जिम्मेदारों ने फिल्म मंगाने की कोशिश भी नहीं की है। हां थोड़ा सा दिमाग लगाकर एक नया तरीका इजात कर लिया है। कागज की शीट पर मरीजों को एक्स-रे दिया जा रहा है। डॉक्टर भी इसी शीट के आधार पर पेशेंट की चोट व फेक्चर का आंकलन कर ऑपरेशन भी कर रहे हैं।

कागज पर निकले एक्स–रे के आधार पर ही जांच, ऑपरेशन हो रहे
जिला स्वास्थ्य विभाग की स्वास्थ्य सुविधाओं का बुरा हाल देखने को मिल रहा है वो भी तब जब सीएम शिवराज से लेकर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बेहत्तर स्वास्थ्य सेवा देने का दावा कर रहे हैं। यहां पर पिछले एक महीने से एक्स-रे फिल्म की उपलब्धता नहीं है। ऐसे में मरीजों को कागज पर ही एक्स-रे निकालकर दिया जा रहा है, जिसके आधार पर डॉक्टर मरीज का उपचार भी कर रहे हैं। हालांकि उन्हें इस सब में परेशानी आ रही है, लेकिन फिर भी डॉक्टर कागज पर निकले एक्सरे के आधार पर मरीज का आपरेशन तक कर रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी मेडिसिन, चेस्ट एवं टीबी के डाक्टरों को एक्स-रे से बीमारी का आंकलन करने में आ रही है। इस परेशानी को सिविल सर्जन के सामने मरीज से लेकर डॉक्टर तक रख चुके, लेकिन एक्स-रे फिल्म उपलब्ध नहीं। इसलिए फोटो निकालने वाले कागज पर एक्स-रे फिल्म दे रहे हैं।

इनका कहना
इस मामले में आरएमओ डॉ. आलोक पुरोहित का कहना है कि डिजिटल एक्स-रे मशीन जिला अस्तपाल को जल्द ही मिलने जा रही है। इसके लिए अलग से कक्ष भी तैयार कर दिया गया है। अगले दस से 15 दिन में यह मशीन जिला अस्पताल पहुंच जाएगी। इस मशीन की मदद से अच्छी गुणवत्ता के साथ काम होगा और इसके साथ में प्लास्टिक सीट भी आएंगी, इसलिए कोई समस्या भी नहीं रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *