कैलाश विजयवर्गीय ने खुद को मुख्यमंत्री की दौड़ से बाहर बताया
जबलपुर. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने मप्र के मुख्यमंत्री की दौड़ से खुद को बाहर बताया। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के चेहरे पर ही प्रदेश में भाजपा चुनाव लड़ेगी। विजयवर्गीय पार्टी नेताओं से चर्चा करने जबलपुर आए। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की बुंदेलखंड की यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि इस उमर में भी दिग्विजय सिंह यात्रा निकालने का जब्बा रखते हैं ये अच्छी बात हैं लेकिन उनकी यात्रा का परिणाम हर किसी को मालूम है। वे कितनी भी मेहनत कर रहे कांग्रेस सरकार नहीं बन रही है। उनकी यात्रा से भाजपा को ही फायदा होगा। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस जनता का भरोसा खो चुकी है। ये अच्छा हुआ कि 2018 में कांग्रेस की 15 माह सरकार बनी जिसमें जनता से कांग्रेस का कुशासन देख लिया।
रानीताल पार्टी के संभागीय कार्यालय में कैलाश विजयवर्गीय ने हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर सवाल पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से बदल रहा है। हिंदुओं के धार्मिक स्थलों का सम्मान से उत्थान हुआ है। उन्होंने हिंदू राष्ट्र की मांग करने वालों को सलाह दी कि हिंदू राष्ट्र की मांग करने की जरूरत नहीं है खुद ही देश हिंदू राष्ट्र की ओर बढ़ रहा है। लड़कियों के पहनावे को लेकर दिए गए अपने विवादित बयान पर कैलाश विजयवर्गीय ने सफाई देते हुए कहा कि विरोध करने वाले भी जानते हैं कि मेरा क्या आशय था। अब उस बयान पर कोई नया बयान नहीं देना चाहता हूं।
