MP का पहला जयारोग्य हॉस्पिटल म्यूजियम बनेगा ग्वालियर में
ग्वालियर. जयारोग्य अस्पताल की पत्थर वाली बिल्डिंग में 123 साल से डॉक्टर जिंदगी बचाने का काम कर रहे थे, लेकिन नया अस्पताल बनने और विभागों के शिफ्ट होने के बाद अब यह बिल्डिंग वीरान हो गई है। इस ऐतिहासिक इमारत में अब मेडिकल म्यूजियम खोलने का सपना देखा जा रहा है। अगर ये सच होता है तो यह मध्य प्रदेश का पहला मेडिकल म्यूजियम होगा। इसके लिए जयारोग्य अस्पताल अधीक्षक डॉ.आरकेएस धाकड़ अपने इस सपने को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार को जल्द एक प्रस्ताव देंगे। इस प्रस्ताव को तैयार कराने की तैयारी भी शुरू हो चुकी है। इसके लिए गजराराजा मेडिकल कॉलेज के पुराने चिकित्सा शिक्षक की एक कमेटी भी बनाई जा रही है। ये कमेटी मेडिकल म्यूजियम की रूपरेखा से लेकर इसे सवांरने का प्रस्ताव तैयार करेगी।
लोग जान सकेंगे दशकों पहले बिना आधुनिक मशीनें कैसे इलाज होता था
जयारोग्य अस्पताल की पत्थर वाली बिल्डिंग को मेडिकल म्यूजियम बनाकर इसे पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने का प्लान है। इसके तहत इसमे पुरानी चिकित्सीय मशीनें व हस्तलिखित चिकित्सीय लेख सहित उन सभी को संजोकर रखा जाएगा। इससे यह पता चल सके कि दशकों पहले जब आधुनिक मशीनें नहीं थीं तब कैसे मरीजों का इलाज किया जाता था।
