हनुमान जन्मोत्सव पर बंगाल में केंद्रीय बल की कंपनियां तैनात
कलकत्ता. कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश पर राज्य में तीन जगहों कोलकाता, हुगली व बैरकपुर में इनकी तैनाती होगी। रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान बंगाल के हावड़ा, हुगली और अन्य जगहों पर हिसा के मद्देनजर कलकत्ता हाई कोर्ट ने ये निर्देश दिए हैं। इस बार बंगाल में हनुमान जन्मोत्सव केंद्रीय बल की तीन कंपनियों की तैनाती में मनाया जाएगा। खंडपीठ नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी की ओर से हुगली जिले के रिसड़ा में हुई हिसा पर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पिछले दिनों हनुमान जन्मोत्सव पर राज्य में हिसा की आशंका व्यक्त की थी। खंडपीठ ने हनुमान जयंती का जिक्र करते हुए कहा कि अतीत की घटनाओं से सबक लेना चाहिए। हनुमान जन्मोत्सव को लेकर कोई बयानबाजी न हो।
जहां धारा 144 लगी वहां शोभायात्रा नहीं निकालें
इसके अलावा न्यायाधीश ने कहा है कि जहां धारा 144 लगी है, वहां से शोभायात्रा नहीं निकालें। कोई भी राजनीतिक नेता कहीं भी हनुमान जन्मोत्सव को लेकर कोई बयान नहीं देगा। महाधिवक्ता एसएन मुखर्जी ने अदालत को बताया कि राज्य में हनुमान जन्मोत्सव रैलियां आयोजित करने के लिए पुलिस को करीब 2,000 आवेदन मिले हैं। इधर राज्य सरकार ने संवेदनशील इलाकों में धारा 144 लागू करने के साथ रैलियों में 100 से ज्यादा लोगों के शामिल नहीं होने का निर्देश दिया है। कोलकाता पुलिस ने हनुमान जन्मोत्सव पर हथियार, लाठी और डीजे के साथ जुलूस निकालने पर रोक लगा दी है।
500 जगहों पर पूजा-अर्चना करेगी विश्व हिंदू परिषद
हनुमान जन्मोत्सव पर विश्व हिदू परिषद प्रदेश में करीब 500 जगहों पर पूजा-अर्चना करने की तैयारी में है। यहां दिन भर हनुमान चालीसा पाठ करने की योजना है। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों से शांति बहाली की अपील की है।
