ग्वालियर में CSP के ड्राइवर को लगी गोली, माथे को चीरते हुए निकली गोली

ग्वालियर. महाराजपुरा सर्किल के CSP की सरकारी गाड़ी के ड्राइवर को गोली लग गई। गोली ठोड़ी से घुसी और माथे को चीरते हुए गाड़ी की छत के पार निकल गई। घायल ड्राइवर खुद CSP के दरवाजे पर पहुंचा और डोरबेल बजाकर बोला- गोली चल गई। जिसके बाद पुलिस अधिकारी उसे जया आरोग्य अस्पताल लेकर पहुंचे। जब उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, तो वह बात कर रहा था। उसे ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। डॉक्टरों का कहना है उसका ब्रेन बच गया है, लेकिन गोली लगने से काफी खून बहा है, जिससे उसकी हालत गंभीर है। घायल के बयान नहीं हो सके हैं। शुरुआत में पुलिस इसे सुसाइड अटेम्प्ट का केस मान रही थी, लेकिन परिवार ने ऐसी किसी बात की आशंका नहीं जताई, जिससे यह बात साबित हो सके। पुलिस अब इसे हादसे के एंगल से भी देख रही है।

SP समेत अन्य अफसर रात में ही अस्पताल पहुंचे
CSP ग्वालियर शहर रवि भदौरिया सचिन तेंदुलकर मार्ग, डीबी सिटी सोसाइटी में रहते हैं। उन्हें मिली सरकारी गाड़ी का ड्राइवर होमगार्ड जवान केंद्र सिंह किरार है। रविवार रात CSP अपनी ड्यूटी से लौटकर घर पहुंचे थे और उनकी सरकारी गाड़ी घर के बाहर खड़ी थी। उनकी पिस्टल भी गाड़ी में रखी थी। इसी बीच ये घटना हो गई। जिसके बाद SP राजेश सिंह चंदेल और दूसरे पुलिस ऑफिसर भी रात में ही अस्पताल पहुंच गए। होमगार्ड जवान मुरार क्षेत्र का रहने वाला है। तीन साल से ड्राइवर है। उसकी शादी हो चुकी है। बच्चे नहीं हैं।

जवान के हाथ से चली गोली, लेकिन यह हादसा
SP राजेश सिंह चंदेल का कहना है कि रात को जिस समय जवान को गोली लगी, उसकी ड्यूटी खत्म हो चुकी थी। उसे पिस्टल जमा करानी थी, लेकिन इससे पहले यह हादसा हो गया। जिस तरह घटना हुई है, उससे यह तो साफ है कि गोली होमगार्ड सैनिक के हाथ से चली है, लेकिन यह एक हादसा है। अभी पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *