रात 10 बजे ग्वालियर पहुंची वंदे भारत ट्रेन, वंदे भारत ट्रेन के सामने नाचे शहरवासी
ग्वालियर. मध्य प्रदेश की पहली सेमी हाई स्पीड वंदे भारत ट्रेन शनिवार 2.12 घंटे की देरी से रात 10 बजे ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर पहुंची है। वंदे भारत ट्रेन के ग्वालियर स्टेशन पर पहुंचते ही यहां ट्रेन के सामने ट्रैक पर ग्वालियरवासी झूम उठे। यहां ट्रेन के सामने नाचते हुए मोदी-मोदी के नारे भी लगाए गए। यहां 3 मिनट तक ट्रेन ठहरी और यहां से स्कूली बच्चे और भाजपा कार्यकर्ता ट्रेन में आगरा तक के लिए सवार हुए। इसके बाद इस ट्रेन को ग्वालियर सांसद विवेक शेजवलकर, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पांच स्टेशनों पर है स्टॉपेज
ट्रेन के स्टापेज की जो प्रारंभिक सूचना जारी की गई है, उसमें पांच स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। बीना, वीरांगना लक्ष्मीबाई स्टेशन झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट, पलवल पर ठहराव दिया गया है। ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से शुरू होकर नई दिल्ली पर समाप्त होगी। इस ट्रेन का मेंटेनेंस भोपाल में किया जाएगा।
इमरजेंसी में ऐसे खुलेंगे डोर
वंदे भारत ट्रेन के पूरी तरह रुकने की प्रतीक्षा करें। यदि को इमरजेंसी होती है तो लाल पैनल के कांच को तोड़ें और लाल हैंडल को तीर के निशान की ओर घुमाएं। दरवाजे में दिए हैंडल स्लाट का उपयोग करके दरवाजे को एक ओर खिसकाएं।
