PM मोदी ने MP की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाई झंडी, नेवी चीफ कोरोना पॉजिटिव, दिल्ली लौटे

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की 11वीं और मध्यप्रदेश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई । ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के बीच चलेगी। इससे पहले प्रधानमंत्री तीनों सेनाओं की कंबाइंड कमांडर्स कॉन्फ्रेंस की अहम बैठक में शामिल हुए। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में बैठक 5 घंटे (सुबह 10.5 से 3.05) चली। PM के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी भोपाल पहुंचे हैं।
नेवी चीफ कोविड पॉजिटिव, दिल्ली लौटे
नौसेना प्रमुख एडमिरल हरि कुमार PM के साथ कॉन्फ्रेंस में शामिल नहीं हो सके। कोविड होने की वजह से उन्हें शुक्रवार देर शाम ही स्पेशल प्लेन से दिल्ली लौटना पड़ा। प्रधानमंत्री मोदी के आने से पहले कॉन्फ्रेंस और सुरक्षा से जुड़े 1300 कर्मचारियों-अधिकारियों का कोविड टेस्ट हुआ था। इनमें डॉक्टर, सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। नौसेना प्रमुख को मिलाकर 22 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी को ड्यूटी से हटा दिया गया था। किसी में गंभीर लक्षण नहीं हैं। 30 मार्च से शुरू होकर कॉन्फ्रेंस 3 दिन चली।

प्रधानमंत्री के भोपाल आगमन परअगवानी की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भोपाल आगमन पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल की उपस्थिति में मुख्यमंत्री ने अगवानी की। भोपाल हवाई अड्डा स्थित एयर कार्गो टर्मिनल पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री मोदी का स्वागत किया। “मिनिस्टर-इन-वेटिंग” गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, सांसद वीडी. शर्मा, भोपाल महापौर श्रीमती मालतीराय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रामकुंवर गुर्जर, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और कलेक्टर अविनाश लवानिया ने भी उनका स्वागत किया।
