MP बीजेपी में सब कुछ ठीक नहीं, सत्ता और संगठन में संतुलन ठीक नहीं

भोपाल. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी की मप्र कोर ग्रुप की बैठक में जिस तरह से नेताओं को नसीहत दी, उससे लगता है कि यहां बीजेपी में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। खासकर सत्ता और संगठन में आपसी तालमेल के लिहाज से संतुलन ठीक नहीं है। विधानसभा चुनाव में महज 7-8 महीने शेष रह गए हैं। ऐसे में सत्ता और संगठन के बिगड़े बैलेंस से आलाकमान चिंतित है।

कर्नाटक चुनाव में प्रचार के लिए MP से कोई नहीं जाएगा
नड्डा ने रविवार को बीजेपी दफ्तर में बैठक में प्रदेश के प्रमुख नेताओं से यहां तक कह दिया कि यह एडवाइजरी कमेटी नहीं, बल्कि फैसलों को जमीन पर उतारने वाली कमेटी है, लेकिन यहां आपसी सामंजस्य दिखाई नहीं दे रहा है। मध्यप्रदेश में आलाकमान प्रदेश के नेताओं को जरा भी ढीला नहीं छोड़ना चाहती है, यही कारण है कि नड्डा ने साफ कह दिया है कि अगले दो माह में होने वाले कर्नाटक चुनाव में प्रचार-प्रसार के लिए मध्यप्रदेश से कोई नहीं जाएगा।

बंद कमरे में हुई मीटिंग में तंज कसा
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक नड्डा ने सार्वजनिक मंचों से सरकार और उसकी योजनाओं की भले ही तारीफ की, लेकिन बंद कमरे में हुई मीटिंग में तंज कसा कि तंत्र (ब्यूरोक्रेसी) पर विश्वास करना कम करो। कार्यकर्ताओं पर भरोसा करना ज्यादा ठीक है। नड्डा जब यह बात कह रहे थे, तब उनके बगल में एक तरफ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और दूसरी तरफ प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा बैठे थे। नड्डा ने किसी का नाम लिए बिना दो टूक कहा कि हर हाल में हमारी योजनाओं की डिलीवरी जनता के बीच जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *