Latestराज्यराष्ट्रीय

ग्वालियर में रिलायंस डिजिटल शोरूम में आग,जनरेटर, गत्ते जले, आग बुझाने में शोरूम कर्मचारी झुलसा

ग्वालियर. रिलायंस डिजिटल शोरूम के बेसमेंट में अचानक आग लगने से वहां रखा जनरेटर, कागज के गत्ते और कुछ कार्टन जल गए। घटना की वजह साफ नहीं हो सकी है लेकिन फायर ब्रिगेड के अधिकारियों का कहना है कि यह आग शॉर्ट सर्किट की वजह से नहीं लगी है बल्कि किसी व्यक्ति द्वारा जलती हुई बीड़ी अथवा माचिस की तीली फेंकने से यह आग लगी है। इस आगजनी में फायर सिस्टम से आग बुझाने की कोशिश में रिलायंस डिजिटल का एक कर्मचारी मामूली रूप से झुलस गया। उसकी सांस में धुआं भी भर गया था इसलिए उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

शाम को यहां लोगों ने बेसमेंट से धुआं उठते देखा
शहर के इंदरगंज थाना से 100 कदम की दूरी पर मराठा बोर्डिंग के सामने रिलायंस डिजिटल का शोरूम है। सोमवार शाम यहां पर कुछ लोगों ने बेसमेंट से धुआं उठते देखा। इसके बाद जब कुछ लोगों ने नीचे झांकने की कोशिश की तब वहां जनरेटर और लकड़ी कार्टन, कागज के गत्ते में आग लगती दिखी। इसके बाद शोरूम में रखे फायर सिस्टम से एक कर्मचारी ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन नीचे पूरे हॉल में धुआं भर गया था। इस कारण उसे कुछ दिखाई नहीं दिया और उसकी सांसों में भी धुआं भर गया। कर्मचारी मामूली रूप से आग से झुलसने के कारण घायल हो गया है उसे अस्पताल भेजा गया है।

तत्काल पहुंची फायर ब्रिगेड, संभाले हालात
शोरूम पर मौजूद लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन लगाया। फायर ब्रिगेड के अधिकारी के निजी फोन पर आग की सूचना भेजी गई तब उपायुक्त अतिबल सिंह यादव अपने अमले के साथ वहां आए और चार गाड़ियां पानी की मौके पर बुलवाईं। तीन गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। आग से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है लेकिन यदि कुछ देर और हो जाती तो शोरूम और आसपास की दुकानें चपेट में आ सकती थी। फिलहाल वहां गोदाम में रखा एक जनरेटर पूरी तरह से जल गया है वहीं कुछ कार्टन और लकड़ी के गत्ते भी जले हैं फायर बिग्रेड ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *