ग्वालियर में गांधी प्राणी उद्यान में दुर्गा टाइगर ने दिया 2 शावकों काे जन्म
ग्वालियर. गांधी प्राणी उद्यान (चिड़ियाघर) में मादा टाइगर दुर्गा ने मध्य रात्रि को 2 शावकों को जन्म दिया । जानकारी के अनुसार दोनों शावक पीले रंग के हैं। गांधी प्राणी उद्यान में मादा दुर्गा एवं नर लव टाइगर हैं। दुर्गा टाइगर द्वारा प्रथम बार शावकों को जन्म दिया गया है। मादा दुर्गा का जन्म गांधी प्राणी उद्यान में ही वर्ष 2018 में हुआ था। बताया गया है कि वर्तमान में मादा दुर्गा एवं उसके दोनों शावक स्वस्थ हैं। उनके भोजन में हल्का खाना जैसे चिकन सूप, दूध-उबले हुए अण्डे दिये जा रहे हैं।
नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल ने इस बारे में चिड़ियाघर प्रभारी डाॅक्टर उपेन्द्र यादव एवं जू क्यूरेटर गौरव परिहार को निर्देशित किया गया है कि शिशु शावकों के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि 30 से 40 दिन तक बच्चों को आइसोलेशन में रखा जाए एवं स्वास्थ्य संबंधी केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के समस्त प्रोटोकाल का पालन किया जाए।

