कांस्टेबल की युवती के साथ झूमाझटकी, नशे में घूम रही फ्रेंड को घर जाने की बात पर झगड़े
भोपाल. कोहेफिजा थाने में पदस्थ कांस्टेबल का युवती के साथ झूमाझटकी का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कांस्टेबल बाइक में बैठे हुए दिख रहा है। उसके पास एक युवती खड़ी है, जिसके साथ वह झूमाझटकी करते हुए दिख रहा है। वीडियो सोमवार रात करीब 11 बजे का है। घटना भोपाल रेलवे स्टेशन के पास समांतर रोड की है। इधर, आरक्षक ने दावा किया कि वीडियो में दिख रही युवती उसकी फ्रेंड है। सोमवार को वह नशे की हालत में उसे मिल गई थी। उसकी सुरक्षा के लिए वह उसे घर छोड़ने के लिए कह रहा था। इस पर फ्रेंड घर जाने से मना कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक, पुष्पेन्द्र सिंह जादौन कोहेफिजा थाने में कांस्टेबल हैं। सोमवार रात वह हनुमानगंज इलाके से होते हुए घर आ रहे थे। इसी बीच रात करीब 11 बजे समांतर रोड पर उनकी फ्रेंड दिख गई। पुष्पेन्द्र का दावा है कि फ्रेंड नशे में थी। वह ठीक ढंग से चल नहीं पा रही थी। हमने उससे कहा कि नशे की हालत में हो, कोई घटना हो सकती है। उसे उसके घर तक छोड़ने के लिए मैं मनाने लगा। लेकिन, नशे की हालत में वह मेरी बात मानने को तैयार नहीं हुई। ऐसे में उसे पकड़कर बाइक में बैठने के लिए कह रहा था। इस बीच वह झूमाझटकी कर मुझे छोड़कर जाने लगी। बाद में उसे किसी तरह काबू कर उसके घर छुड़वाया। टीआई हनुमानगंज महेन्द्र सिंह ने कहा कि घटना असरानी मार्केट की है। अभी तक कोई पक्ष शिकायत करने नहीं आया है। वहीं, कोहेफिजा थाना प्रभारी विजय सिसौदिया ने बताया कि पुष्पेन्द्र उनके थाने में पदस्थ है। उसने बताया कि वह फ्रेंड को घर छोड़ने गया था। उसने लड़की के साथ कोई अभद्रता नहीं की है।

