MP में 52 जिलों में बनेंगे शिक्षक पात्रता परीक्षा के केंद्र, 33,834 शिक्षक देंगे परीक्षा
भोपाल. मध्यप्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने सभी 52 जिलों के कलेक्टरों को परीक्षा केंद्र तय करने के निर्देश दिए हैं। जिलेवार अभ्यर्थियों की संख्या के आधार पर केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा। इस बार प्रदेश में प्राथमिक और मिडिल स्तर के कुल 33,834 शिक्षक परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें प्राथमिक स्तर के 15,176 और मिडिल स्तर के 18,658 अभ्यर्थी हैं। कलेक्टरों को परीक्षा केंद्रों की सूची 20 नवंबर 2026 तक मंडल को भेजनी होगी।
कलेक्टर की अध्यक्षता में बनेगी समिति
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। इसमें जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य या उनके प्रतिनिधि शामिल होंगे। परीक्षा केंद्र मुख्य रूप से शासकीय विद्यालयों में बनाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर उत्कृष्ट निजी विद्यालयों और अन्य शासकीय संस्थानों को भी केंद्र बनाया जा सकेगा।
20 नवंबर तक भेजनी होगी केंद्रों की सूची
मंडल ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दिन केंद्रों पर कोई दूसरी परीक्षा या गतिविधि आयोजित नहीं होनी चाहिए। केंद्रों पर गोपनीय सामग्री सुरक्षित रखने और प्रवेश पत्र वितरण की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी। परीक्षा केंद्रों की सूची निर्धारित प्रारूप में एक्सेल फाइल के माध्यम से तैयार कर 20 नवंबर 2026 तक मंडल को भेजनी होगी। इसके लिए मंडल ने ई-मेल आईडी पर सूची और एक्सेल फाइल भेजने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन को प्राथमिक और मिडिल स्तर के अभ्यर्थियों की अलग-अलग संख्या के आधार पर केंद्रों की क्षमता, उपलब्ध संसाधन और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखकर परीक्षा केंद्र तय करने होंगे।
