MP में फिर बदलेगा मौसम, जबलपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट
जबलपुर. नवंबर माह में बढ़ती ठंड के बीच एक बार फिर मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो बंगाल की खाड़ी में बन रहा अवदाब अगले 48 घंटों के दौरान चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। दक्षिण-पूर्वी और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में सक्रिय अवदाब उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके सोमवार को चक्रवाती तूफान और मंगलवार को गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की प्रबल संभावना है। इसके बाद इसके और तीव्र होकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने का अनुमान है। स्थानीय मौसम कार्यालय के अनुसार इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव का असर जबलपुर सहित महाकोशल के मौसम पर भी पड़ सकता है। जबलपुर और आसपास के जिलों में 21 नवंबर को बादलों की आवाजाही बढ़ने और तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना है। कहीं-कहीं तेज हवा के साथ छिटपुट बारिश भी हो सकती है। फिलहाल मौसमी बदलाव के पहले अभी दिन में हल्की गर्माहट और रात में ठंडक का असर बना रहेगा।
तापमान में उतार-चढ़ाव शुरू
बंगाल की खाड़ी में हो रही उथल-पुथल से तापमान में उतार-चढ़ाव शुरू हो गया है। दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है, वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री तक बढ़ गया है। तीन दिन पूर्व 12 नवंबर को न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया था, जो अब बढ़कर 14 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री और न्यूनतम 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। यह उत्तरी पाकिस्तान और उससे लगे क्षेत्रों के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में मौजूद है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में भी ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से हवा का रुख उत्तर से बदलकर उत्तर-पश्चिम हो गया है, जिससे आगामी दिनों में रात में ठंड का असर भी कुछ कम होगा।
