ग्वालियर के होटल सयाजी की किचन में लगी आग, दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
ग्वालियर के पॉश इलाके में स्थित होटल सयाजी में रविवार करीब 1:30 बजे आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग होटल की किचन में लगी है। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए पानी की बौछार शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पहले सेंट्रल पार्क के नाम से पहचाने जाने वाले इस होटल का कुछ महीने पहले ही प्रबंधन बदला है। शहर के प्रमुख होटलों में शामिल सयाजी में कई बड़ी हस्तियां ठहर चुकी हैं।
दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीम भी ठहर चुकी है
वर्ष 2010 में भारत दौरे पर आई दक्षिण अफ्रीका की क्रिकेट टीम के खिलाड़ी भी इस होटल में ठहरे थे। इसके अलावा मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) की फ्रेंचाइजी टीमें भी हर साल यहां रुकती हैं। बताया जा रहा है कि वर्तमान में बीसीसीआई की विजय मर्चेंट ट्रॉफी के मुकाबले ग्वालियर में खेले जा रहे हैं। टूर्नामेंट से जुड़े पदाधिकारियों और खिलाड़ियों के भी होटल में ठहरने की जानकारी सामने आई है।
