कांग्रेस बोली- हमारी सरकार बनी तो 500 रुपए में देंगे सिलेंडर

भोपाल. गैस वितरण कंपिनयों ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के रेट 50 रुपए बढ़ा दिए हैं। मध्यप्रदेश के सभी शहरों में सिलेंडर की कीमत 1100 रुपए के पार हो गई है। भोपाल में अब 1108 रुपए 50 पैसे में एक सिलेंडर मिलेगा। इंदौर में रेट 1131 रुपए हो गए हैं। प्रदेश में सबसे महंगा सिलेंडर मुरैना, भिंड और ग्वालियर में मिलेगा। कई शहरों में वृद्धि ज्यादा हुई है। डिपो से ज्यादा दूरी और ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने के कारण ऐसा हुआ है। रेट बढ़ने के बाद सिलेंडर पर सियासत भी शुरू हो गई है। इसे लेकर विधानसभा के बजट सत्र में हंगामा भी हो चुका है। कांग्रेस ने इसे चुनावी मुद्दा बना लिया। कांग्रेस ने अपनी सरकार बनने पर सिलेंडर 500 रुपए में देने का वादा किया है। रसोई गैस के रेट 10 महीने में तीसरी बार बढ़े हैं। इस दौरान करीब डेढ़ सौ रुपए महंगा हुआ है। भोपाल की बात करें तो पिछले साल मई और जून में 53-53 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद जुलाई में सिलेंडर के रेट 1058 रुपए 50 पैसे हो गए थे। हालांकि, एक बार साढ़े 3 रुपए की गिरावट भी हुई थी। 1 मार्च को तीसरी बार बढ़ोतरी हुई।

कांग्रेस ने चुनावी मुद्दा बनाया
सिलेंडर के रेट बढ़ने के बाद कांग्रेस इसे चुनावी मुद्दा बना रही है। कांग्रेस विधायकों ने सिलेंडर को लेकर विधानसभा में जमकर हंगामा भी किया। चुनाव जीतने पर 500 रुपए में सिलेंडर देने की बात भी कही है। 1 मार्च को मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार के चौथे कार्यकाल का आखिरी बजट विधानसभा के पटल पर रखा गया। कांग्रेस के कई विधायक सिलेंडर के पोस्टर लेकर विधानसभा में पहुंचे थे।

इन शहरों में 1200 के करीब रेट
भिंड, अशोकनगर, गुना, ग्वालियर, झाबुआ, मंदसौर, निवाड़ी, राजगढ़, श्योपुर, शिवपुरी, टीकमगढ़ में सिलेंडर के रेट 1175 से 1187 रुपए तक हो गए हैं। बाकी जिलों में भी रेट 11 सौ रुपए से ज्यादा ही हैं।

भोपाल में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ने पर भोपाल में महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने जिला महिला कांग्रेस ने विरोध जताया। जिलाध्यक्ष संतोष कंसाना ने बताया कि केंद्र सरकार लगातार गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ा रही है। इससे आम लोगों की कमर टूट गई है। प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल भी शामिल थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *