इनामी बदमाश पकड़े, भिंड के एंडोरी से हथियार लाकर ग्वालियर में फैलानी थी दहशत
ग्वालियर. भिंड के एंडोरी से अवैध हथियार लेकर ग्वालियर आए दो इनामी बदमाशों की दहशत फैलाने की तैयारी थी, लेकिन अलर्ट पुलिस ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से 6 देशी कट्टे, एक पिस्टल, कारतूस व 32 हजार रुपए नकद मिले हैं। माधवगंज व क्राइम ब्रांच की टीमों ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर इन बदमाशों को इन्द्रलोक गार्डन के पास से गिरफ्तार किया है। दोनों पर तीन-तीन हजार रुपए का इनाम है। कुछ दिन पहले ही शहर के एक युवक पर उन्होंने फायरिंग की थी। अब इतनी बड़ी तादाद में हथियार लेकर आने का मकसद क्या है यह पुलिस पूछताछ में पता लगा रही है।
तलाशी में 6 देशी कट्टे, 1 पिस्टल, कारतूस व 32 हजार रुपए मिले
शहर के माधौगंज स्थित इंद्रलोक गार्डन के पास कुछ बदमाशों को काफी संख्या में हथियार के साथ देखे जाने की खबर पुलिस अफसरांे को मिली थी। जिस पर क्राइम ब्रांच, माधौगंज थाना पुलिस को घेराबंदी के लिए निर्देशित किया गया। जब पुलिस की टीमें गुढ़ा स्थित इन्द्रलोक गार्डन के पास पहुंची तो वहां गली में खड़े दो लड़कों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की घेराबंदी नहीं तोड़ पाए। दोनों युवकों को पकड़ने के बाद जब तलाशी ली गई तो पुलिस को बैग से 6 देशी कट्टे, एक पिस्टल, कारतूस व 32 हजार रुपए मिले हैं। पकड़े गए बदमाशों की पहचान बलवीर तोमर पुत्र रविन्द्र तोमर निवासी अंबाह और विक्रम पुत्र अरविन्द्र तोमर निवासी एंडोरी भिंड बताए गए हैं।
थैला खोला तो निकला हथियारों का जखीरा
पुलिस ने संदेहियों की तलाशी ली तो उनके पास मौजूद थैले में 6 कट्टे, एक पिस्टल, दो जिन्दा राउण्ड के साथ ही 32 हजार रुपए व मोबाइल बरामद हुए है। पुलिस ने हथियार जब्त कर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि वह भिंड के एंडोरी से यह कट्टे व पिस्टल लेकर आ रहे थे। पुलिस ने गहराई से पड़ताल की तो पकड़े गए दोनों युवकों पर 3-3 हजार रुपए का इनाम भी घोषित है। माधवगंज में कुछ दिन पहले इन्होंने फायरिंग की थी। उस मामले में ही पुलिस इनकी तलाश कर रही थी।
