तमिलनाडु में आतंकी एक्टिविटीज का इनपुट, पुलिस हाई अलर्ट
तमिलनाडु. भारत में प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के स्लीपर सेल की एक्टिविटीज तमिलनाडु में हो रही है। केंद्रीय जांच एजेंसियों के इस इनपुट के बाद तमिलनाडु पुलिस हाई अलर्ट है। एजेंसियों ने बताया कि PFI के सदस्य मानवाधिकार समूहों की ओट में कट्टर इस्लामिक विचारधारा को प्रसारित कर रहे हैं। इनके निशाने पर शिक्षित मुस्लिम युवा हैं। वो इन्हें बरगला कर आतंक की ओर मोड़ना चाह रहे हैं।
PFI के पूर्व मेंबर्स को संगठित कर रहे
केंद्रीय एजेंसियों ने राज्य पुलिस को चेतावनी दी है कि तमिलनाडु में कुछ स्लीपर सेल इन कागजी संगठनों की एक्टिविटीज का समर्थन कर रहे हैं। ये समूह मानवाधिकारों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और लोगों को भड़का रहे हैं कि पुलिस उन पर अत्याचार कर रही है। एजेंसियों का कहना है कि वे तमिलनाडु में आगे की कार्रवाई के लिए PFI के पूर्व मेंबर्स को संगठित कर रहे हैं।
विदेश से मिल रहा फंड
केंद्रीय खुफिया एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक इन संगठनों को देश के बाहर से फंड मिल रहा है। पैसे पहुंचाने के लिए कुछ हवाला ऑपरेटरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पश्चिम एशिया के कुछ तमिल मुसलमान इनका समर्थन कर रहे हैं। एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कितना पैसा ट्रांसफर किया जा रहा है।
खुफिया एजेंसियों की निगरानी में कई जिले
केंद्रीय एजेंसियों के अनुसार, तमिलनाडु में इस्लामिक आंदोलनों के बारे में मीडिया का इतना प्रचार नहीं है और इसलिए इस्लामिस्ट वहां एक मजबूत आधार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। श्रीलंका के उग्रवादी संगठन लिट्टे (LTTE) के मेंबर्स के हाजी अली नेटवर्क जैसे अंतर्राष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के साथ गठजोड़ है। केंद्रीय एजेंसियां इस बात की जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या नए बनाए गए समूह पहले से किसी के साथ जुड़ चुके हैं या जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इन संगठनों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए तमिलनाडु में कोयम्बटूर, तिरुचि, नामक्कल, कन्याकुमारी और थेनी जैसे कई स्थानों पर खुफिया एजेंसियों और पुलिस की कड़ी निगरानी है।
