अयोध्या में राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक खत्म, निर्माण के दौरान तिरपाल में नहीं रहेंगे रामलला

अयोध्या. राममंदिर निर्माण के लिए गठित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्यों ने आज अयोध्या में बैठक की इस बैठक में ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय, सदस्य विमलेंद्रमोहन प्रताप मिश्रा और डॉ. अनिल मिश्रा, अयोध्या के जिलाधिकारी अनुज झा मौजूद रहे। बैठक के बाद ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने बताया कि सदस्यों ने रामलला जन्म स्थल का निरीक्षण किया। राम मंदिर निर्माण के लिए पत्थरों को किस रास्ते से राम जन्मभूमि तक पहुंचाया जाएगा इसका निरीक्षण किया।
एसबीआई में रामलला का बैंक अकाउंट भी खोला जाएगा
ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय बताया कि पत्थरों को जन्मभूमि तक पहुंचाने के लिए ऊबड़-खाबड़ रास्तों का समतलीकरण किया जाएगा साथ ही भारतीय स्टेट बैंक में रामलला का बैंक अकाउंट भी खोला जाएगा। रामभक्त इसी अकाउंट में दान का पैसा जमा करा सकेंगे। इस बैठक में राम मंदिर निर्माण के लिए दान प्राप्ति की समुचित व्यवस्था पर चर्चा की गई। चंपत राय ने बताया कि सुरक्षा के द्रष्टिकोण से रामलला को गर्भगृह से शिफ्ट किया जाएगा।
तिरपाल में नहीं रहेंगे रामलला
राम मंदिर निर्माण के दौरान जिस स्थान पर रामलला विराजेंगे वहां ऐसी व्यवस्था होगी कि दर्शनार्थी नजदीक से दर्शन कर पाएंगे और उन्हें कम चलना भी पड़ेगा। ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के दौरान रामलला तिरपाल में नहीं रहेंगे। एक अस्थायी मंदिर बनाकर रामलला को उसी में रखा जाएगा। एक बार राम मंदिर का निर्माण संपन्न होने के बाद रामलला को हमेशा के लिए उसके गर्भगृह में स्थापित कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *