रात 12 बजे ही खुले मंदिरों के पट,अचलेश्वर, कोटेश्वर, गुप्तेश्वर पर लगा श्रद्धालुओं का मेला

ग्वालियर. शनिवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर रात 12 बजे से ही शहर स्थित मंदिरों पर शिवभक्तों का पहुंचना शुरू हो गया है। शहर के बड़े शिवालय अचलेश्वर महादेव, कोटेश्वर व गुप्तेश्वर महादेव के पट रात 12 बजे भी खोल दिए गए हैं। सबसे पहले काबड़ भरकर आने वालों ने भगवान शंकर का अभिषेक किया है। उसके बाद मंदिरांे को आम भक्तों के लिए छोड़ दिया गया है। अचलनाथ महादेव पर रात से ही लंबी लाइने लगना शुरू हो गई हैं। यह शहर का प्रसिद्ध मंदिर है। शिवरात्रि के मौके पर अचलनाथ पर डेढ़ से दो लाख भक्तों के पहुंचने की संभावना है। जिस कारण मंदिर के आसपास कोई भी प्रसादि काउंटर व अन्य स्टॉल नहीं लगाने दिए गए हैं। साथ ही अचलेश्वर, कोटेश्वर, गुप्तेश्वर मंदिर के पास शनिवार सुबह भीड़ बढ़ने पर ट्रैफिक में भी बदलाव किया जाएगा।

अचलेश्वर मंदिर
शहर के बीच इंदरगंज इलाके में विराजमान अचलनाथ की कहानी सबसे जुदा है। यहां भगवान अचलनाथ की पिंडी सालों पूर्व बीच सड़क पर निकली थी। जिसके बाद सड़क पर ही मंदिर अस्तित्व में आया। ऐसा भी कहा जाता है कि बीच सड़क पर होने के चलते एक बार रियासत काल में पिंडी को निकालने के लिए रस्सी से बांधकर हाथियों से खिचवाया गया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। तभी से अचलनाथ का चमत्कार चला आ रहा है। महाशिवरात्रि पर अचलेश्वर की व्यवस्थाएं जिला प्रशासन के हाथ में हैं। अनुमान है कि 24 घंटे में डेढ़ लाख से अधिक भक्त भगवान अचलनाथ का जलाभिषेक व दर्शन करने के लिये पहुंचेंगे। शुक्रवार-शनिवार रात 12 बजे से ही अचलनाथ पर भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई नए फैसले लिये हैं। जैसे-इस बार प्रसाद, फल-फूल की दुकानें मंदिर के आसपास नहीं लगी। प्रसाद वितरण के लिए सामाजिक संगठनों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल चैंबर ऑफ कॉमर्स और दूसरी तरफ बीएसएनल गेट के बाहर लगे हैं। अचलेश्वर रोड पर ट्रैफिक पूरी तरह बंद है।

कोटेश्वर महादेव मंदिर
शहर का दूसरा प्रमुख शिव मंदिर कोटेश्वर महादेव पर महाशिवरात्रि के मौके पर रात से ही भीड़ लगना शुरू हो गई थी। बताया जाता मुगल शासक ओरंगजेब के शासनकाल में किले से महादेव की पिंडी नीचे फेंकी गई थी जो तलहटी के पास जमीन पर आकर गिरी। पर भगवान शिव के सत्य के चलते पिंडी जरा भी खंडित नहीं हुई। उसके बाद वहां उस शिवलिंग को स्थापित कर कोटेश्वर महादेव नाम दिया गया। अब वो पूरा इलाका कोटेश्वर के नाम से ही चर्चित है। शुक्रवार-शनिवार रात 12 बजे से ही भीड़ लगना शुरू हो गई है। दिन भर में 75 हजार से एक लाख भक्त यहां पहुंचने की संभावना है। सिंधिया ट्रस्ट द्वारा संचालित मंदिर में गर्भगृह की साफ-सफाई के साथ रंगाई-पुताई हो गई है। मंदिर के मुख्य पुजारी ने बताया कि मंदिर में महिला व पुरुष भक्तों के लिए अलग-अलग लाइन लगवाई जा रही हैं।

गुप्तेश्वर मंदिर
गुप्तेश्वर मंदिर के महंत लक्ष्मीनारायण उर्फ सोनू शर्मा ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात 12 बजे का अभिषेक के बाद आरती की गई। रात 12 बजे से मंदिर के पट खोल दिए गए थे। इसके साथ ही शनिवार दोपहर 12 बजे गाजे-बाजे के साथ शिव बरात मंदिर प्रांगण से शुरू होगी। बरात में गुप्तेश्वर की पालकी के अलावा झांकियां होंगी। बरात मंदिर से प्रारंभ होकर गोल पहाड़िया, लक्ष्मीगंज, हनुमान चौराहा, जनकगंड तिराहा, मोर बाजार, बाड़ा, सराफा बाजार, गश्त का ताजिया, राम मंदिर, ऊंट पुल व जयेंद्रगंज चौराहे से होकर अचलनाथ मंदिर पहुंचेगी। यहां बारात का स्वागत होगा और शिव विवाह होता है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *