ग्वालियर नगर निगम का कम्प्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार, सरकारी मल्टी के फर्जी दस्तावेज बनाकर कई लोगों से की थी ठगी
ग्वालियर. नगर निगम की सरकारी मल्टी के फर्जी दस्तावेज बनाकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह में शामिल नगर निगम के एक कम्प्यूटर ऑपरेटर को हजीरा थाना पुलिस ने चार शहर का नाका से पकड़ा है। आरोपी मामला दर्ज होने के बाद से ही फरार था और पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। आज पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर आने वाला है और पुलिस ने उसे दबोचने के लिए जाल फैलाया था।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर के हजीरा थाना प्रभारी संतोष सिंह भदौरिया ने बताया कि एक साल पहले सरकारी मल्टी में फ्लैट दिलाने के नाम पर कई लोगों से वीरू राठौर, उत्कर्ष राठौर, संतोष शिवहरे, रंजीत राजपूत ने तीन-तीन लाख रुपए लेकर फर्जी दस्तावेज बनाकर राजीव गांधी आवास योजना के कई फ्लैट पर कब्जा दिलाया था। मामले का पता उस समय चला जब इन फ्लैट्स का आवंटन हुआ और फ्लैट मालिक यहां पर पहुंचे। जिस पर असली मालिक और फ्लैट में रह रहे लोगों के बीच विवाद की नौबत आ गई। जिसके बाद यह मामला पुलिस के पास पहुंचा था। इस मामले में पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला वीरू राठौर, उत्कर्ष राठौर, संतोष शिवहरे, रंजीत राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद से ही ठग फरार हो गए थे, जिन्हें कुछ दिन पहले ही दबोचा था। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए ठगों ने बताया कि उनके साथ इस ठगी के कारोबार में नगर निगम का कम्प्यूटर ऑपरेटर राहुल उर्फ सोनू पुत्र पूरन सिंह राजावत निवासी रामनगर लूटपुरा शामिल है।
रात को सूचना हजीरा थाना पुलिस को मिली
काफी समय से पुलिस कम्प्यूटर ऑपरेटर राहुल उर्फ सोनू पुत्र पूरन सिंह की तलाश में लगी थी। शुक्रवार रात को उसकी सटीक सूचना हजीरा थाना पुलिस को मिली थी। जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने किस तरह से ठगी की है।
