GWALIOR में IIT की तैयारी कर रहे स्टूडेंट ने खुद को गोली मारी
ग्वालियर. IIT की तैयारी कर रहे 11वीं के छात्र ने सुसाइड कर लिया। उसने पिता की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। घटना के कारणों के बारे में पता नहीं चल सका है। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। घटना बुधवार को गोला का मंदिर स्थित आदर्श नगर में हुई।
क्या है पूरा मामला
गोला का मंदिर स्थित आदर्श नगर में रहने वाला 17 साल का राज गुर्जर पुत्र धर्मवीर गुर्जर 11वीं का स्टूडेंट था। सुबह करीब 10 बजे वह कोचिंग से घर आया। इसके बाद वह बिना कुछ कहे कमरे में अंदर चला गया। अंदर से दरवाजा भी बंद कर लिया। परिवार के सभी लोग अपने काम में व्यस्त थे। थोड़ी देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिवार वाले तुरंत राज के कमरे में पहुंचे। खिड़की से झांक कर देखा, तो राज लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था। पास ही पिता की लाइसेंस बंदूक पड़ी थी। परिवार वालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आला अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है। मौके पर एफएसएल टीम भी बुलाई गई।
बड़ा भाई बोला कोई परेशानी नहीं थी
राज के बड़े भाई नरोत्तम गुर्जर ने बताया कि राज को कोई परेशानी नहीं थी। उसने कभी कुछ नहीं बताया था। अगर कोई परेशानी थी, तो वह जरूर बताता। सुबह हम सभी काम में लगे थे। पिछले एक साल से वह आईआईटी की तैयारी कर रहा था। रोजाना की तरह वह कोचिंग गया। वहां से आने के बाद सीधा कमरे में चला गया। अचानक फायर की आवाज आई।