ग्वालियर में दो गुटों में फायरिंग, दो घायल, लोगों ने छुपकर बचाई जान

ग्वालियर. पिंटो पार्क में वर्चस्व की लड़ाई में दो गुटों में अंधाधुंध फायरिंग हुई है। एक-दूसरे को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी में दोनों गुट की तरफ से दो लोग घायल हुए हैं। घायल होने वाले दोनों छात्र हैं, लेकिन दोनों पर अपराधिक मामले दर्ज हैं। एक छात्र पेट में छर्रे व हाथ में गोली लगने से घायल हुआ है, जबकि दूसरे को पैर में गोली लगी है। बीच सड़क पर गोलीबारी की घटना के बाद दहशत का माहौल है। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती घायलों के बयान के आधार पर दोनों पक्षों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।

क्या है पूरा मामला
गोला का मंदिर पिंटो पार्क शिव कॉलोनी निवासी अन्नी उर्फ रोहित पाल पुत्र हरीसिंह पाल 12वीं का छात्र है। उसकी जड़ेरुआ गांव निवासी अमन यादव पुत्र नरेश यादव से इलाके में वर्चस्व को लेकर पुरानी लड़ाई चल रही है। अमन भी B.COM फर्स्ट ईयर का छात्र है। दोनों पर ही कई अपराधिक मामले दर्ज हैं। कुछ दिन पहले भी दोनों पक्ष में झगड़ा हुआ था। तब अन्नी ने अमन यादव से पैर छूकर माफी मांगी थी। उसका आरोपियों ने VIDEO बना लिया था। उसके बाद वह उसे उसी VIDEO को लेकर मजाक उड़ा रहे थे। जिस पर फिर विवाद हो रहा था। शुक्रवार को हुए विवाद में दोनों तरफ से फायरिंग हुई है, जिसमें एक तरफ से अन्नी पाल तो दूसरी तरफ से अमन यादव घायल हुए हैं। घायल अन्नी पाल ने बताया कि वह किसी शादी में जाने के लिए राजेन्द्र सिंह की मार्केट के बाहर खड़ा था। तभी अमन यादव अपने साथियों अमर, शिवम तोमर व ऋषभ सिंह के साथ आया और पहले मारपीट की फिर गोलियां चलाना शुरू कर दीं। जिसमें एक गोली अन्नी के पैर में लगी और वह घायल हो गया। उसने मदद के लिए छोटू परिहार को बुलाया और अस्पताल पहुंचा। वहीं अमन यादव के पक्ष का कहना है कि अन्नी की तरफ से गोलियां चलाई गईं। जिसमें अमन को हाथ में गोली लगी है और पेट में छर्रे लगे हैं।

गोलीबारी से दहशत, भागे लोग
घटना स्थल पिंटो पार्क का बाजार है। राजेन्द्र सिंह की मार्केट के पास गोलीबारी हुई है। जिस समय यह फायरिंग हुई वहां काफी लोग मौजूद थे और खरीदारी कर रहे थे। गोलीबारी होते ही वहां भगदड़ के हालात बन गए। लोग यहां वहां छुपने के लिए भागे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। लोगों का कहना है कि करीब 8 से 10 गोलियां चली हैं।

इनके खिलाफ हुए मामले दर्ज
गोला का मंदिर थाना के प्रभारी धर्मेन्द्र यादव ने बताया कि अन्नी पाल की शिकायत पर फायरिंग करने वाले अमन यादव, ऋषभ, शिवम तोमर और अमर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष से घायल अमन यादव की शिकायत पर छोटू परिहार, रोहित पाल, अभिषेक गुर्जर, पोपट तोमर व एक अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *