शिवराज कैबिनेट की बैठक निरस्त, प्रदेश के डॉक्टरों ने भी हड़ताल वापस ली
भोपाल. मध्यप्रदेश में शिवराज कैबिनेट की अहम बैठक निरस्त कर दी गई है। मंगलवार को होने वाली बैठक को निरस्त करने के पीछे कारण बताया जा रहा है कि शिवराज कैबिनेट के ज्यादातर मंत्री गुजरात चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। इधर, कैबिनेट बैठक निरस्त होते ही प्रदेश के डाक्टरों की हड़ताल भी वापस ले ली गई है।
अहम बैठक में कई प्रस्ताव पारित होने वाले थे
मंगलवार को होने वाली शिवराज कैबिनेट की अहम बैठक रद्द कर दी गई है। यह बैठक अब अगले मंगलवार (29 नवंबर) को होगी। इस बैठक को रद्द करने के पीछे बताया जा रहा है कि ज्यादातर मंत्रियों के गुजरात दौरे पर होने के कारण रद्द की गई है। इस अहम बैठक में कई प्रस्ताव पारित होने वाले थे। सबसे अहम प्रस्ताव ब्यूरोक्रेट्स को मेडिकल कालेजों में नियुक्त करने का प्रस्ताव था, जिसे लेकर प्रदेशभर के डॉक्टर हड़ताल पर जाने के लिए तैयार थे। उनका कहना था कि यदि मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक में ब्यूरोक्रेट्स की नियुक्ति का प्रस्ताव लाया जाता है और उसे पास कर दिया जाता है तो प्रदेश के 3500 से अधिक चिकित्सा शिक्षक और डाक्टर्स हड़ताल पर चले जाएंगे। चिकित्सा शिक्षकों का कहना है कि प्रदेश के 13 मेडिकल कालेजों और उनसे जुड़े अस्पतालों की प्रशासनिक व्यवस्था किसी बाहरी आफिसर को देना गलत है, क्योंकि उसे मेडिकल के बारे में कोई नॉलेज नहीं होता है। इसमें चिकित्सा के क्षेत्र से जुड़ा व्यक्ति ही होना रहना चाहिए।
हड़ताल का पड़ा असर
इधर, मंगलवार को दोपहर तक हड़ताल के कारण कई मरीजों को परेशान होना पड़ा। हमीदिया अस्पताल में कई आपरेशन टाल दिए गए। ऐसी ही स्थिति मध्यप्रदेश के जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कालेज, ग्वालियर के गजराराजा मेडिकल कालेज, इंदौर के एमजीएम मेडिकल कालेज और प्रदेश के सरकारी कालेजों से जुड़े अस्पताल में भी हो रही थी। इधर, अब डाक्टर्स काम पर लौट आए हैं।
