रेप के आरोपी कांग्रेसी MLA की गिरफ्तारी के लिए घर पर छापेमारी
भोपाल. मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री उमंग सिंघार पर रेप केस दर्ज होने के बाद उनकी गिरफ्तारी की कोशिशें शुरू हो गई हैं। पुलिस ने सोमवार को उनके धार स्थित घर पर छापा मारा। हालांकि सिंघार वहां नहीं मिले। उनके घर पर पुलिस तैनात है। उधर, केस दर्ज होने के बाद इस मामले में राजनीति भी तेज हो गई है। भाजपा के नेता हमलावर हो गए हैं। वहीं, कांग्रेस ने इसे राहुल गांधी की यात्रा को लेकर भाजपा की बौखलाहट बताया है।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा बोले उनकी कई पत्नियां
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस मामले में कहा- कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव, गुजरात चुनाव के सह प्रभारी, पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक उमंग सिंघार पर उनकी पत्नी ने नौगांव थाने में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने समेत अन्य आरोप लगाए हैं। पुलिस की जानकारी के अनुसार पूर्व में भी उनकी कई पत्नियां थीं। नौगांव पुलिस ने इन सभी आरोपों के आधार पर उमंग के खिलाफ IPC की धारा 376, 377 और 498 के तहत केस दर्ज किया है।
कांग्रेस MLA बोले- विधायक तोड़ने में असफल रहे, इसलिए ये कर रहे
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और भोपाल से विधायक पीसी शर्मा ने कहा कि इस समय राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में जिस तरह से स्वागत की खबरें आ रही हैं, उससे बीजेपी परेशान है। कई विधायकों को तोड़ने की कोशिश हो रही है। इसमें सफल न होने पर इस तरह के फर्जी मामले दर्ज करवाए जा रहे हैं। ये विधायक और पूर्व मंत्री का मामला है, इस तरह से सीधे FIR दर्ज करना ठीक नहीं है। उच्च स्तरीय जांच के बाद मामला दर्ज होना चाहिए। ये केवल कांग्रेस के विधायकों को तोड़ने और डराने धमकाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कोई भी विधायक डरेगा नहीं। राहुल गांधी की यात्रा मध्यप्रदेश आने से पहले बीजेपी ऐसे हथकंडे अपनाएगी। जैसे, इंदौर में अभी एक पत्र सामने आया, लेकिन पुलिस अब तक किसी को पकड़ नहीं पाई।
