ग्वालियर मेला प्राधिकरण व्यापारियों ने शुरू की तैयारियां:इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम लगाने के लिए कंपनियों से चर्चा करेंगे कारोबारी, गाड़ियों पर छूट का इंतजार
ग्वालियर – ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के संचालक मंडल की 43वी बैठक उद्योगमंत्री ओमप्रकाश सखलेचा की अध्यक्षता में सोमवार को वर्चुअल सम्पन्न हुई। बैठक में उद्योग विभाग के आयुक्त पी नरहरि, ग्वालियर-चंबल संभाग के कमिश्नर दीपक सिंह, एडीजी डी श्रीनिवास वर्मा, ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह वर्चुअली जुड़े ।
बैठक में मेला प्राधिकरण के कर्मचारियों का मँहगाई भत्ता, कलेक्टर द्वारा निर्धारित दर पर रखे गए कर्मचारियों, वाहन चालक की संविदा नियुक्ति की अवधि एवं वेतन वृद्धि, टैली ऑपरेटर की अवधि वृद्धि तथा मेला वर्ष 2022-23 के आयोजन के लिये मेला अवधि में अस्थायी कर्मचारी रखे जाने के संबंध में चर्चा की गई। इसके अलावा परिक्षेत्रीय उद्योग कार्यालय ग्वालियर को मेला परिसर में स्थानांतरण करने तथा परिक्षेत्रीय उद्योग कार्यालय ग्वालियर के भवन निर्माण पर भी चर्चा की गई।
बैठक में मध्यप्रदेश शासन से मेला परिसर में चारों ओर बाउण्ड्रीवॉल बनाने, मेला परिसर में सड़कों का डाम्बरीकरण कार्य करने, दुकानों एवं शौचालयों की मरम्मत, गोदाम बस्ती पुलिया के पास की भूमि का कब्जा मेला प्राधिकरण को प्राप्त होने के उपरांत समुचित उपयोग करने तथा मेला परिसर स्थित सनसिटी की भूमि के संबंध में भी चर्चा की गई।
बैठक में उद्योग मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने निर्देश दिए कि मेला परिसर में मेला लगने के पूर्व समुचित साफ-सफाई की जाए। मेला आयोजन के दौरान भी परिसर में सफाई की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोरोना काल में मेला परिसर में सब्जीमंडी लगाई गई थी जिसके कारण कुछ निर्माण कार्य क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ऐसे कार्यों की मरम्मत ग्वालियर मंडी से कराई जाए।
संभागीय कमिश्नर ने सुझाव दिया कि मेला परिसर में प्रदर्शनी एवं होटल आदि लगाया जाना उचित होगा, जिससे मेला प्राधिकरण की आय में वृद्धि हो सकेगी। इस प्रस्ताव पर उद्योग मंत्री ने विचार करने का आश्वासन दिया और कमिश्नर से कहा कि इसके प्रस्ताव शीघ्र भेजे जाएँ। बैठक में बताया गया कि ग्वालियर मेला 25 दिसम्बर से 07 फरवरी के बीच आयोजित किया जायेगा।
मांगेंगे कारों का एक्स्ट्रा स्टॉक
मेला 25 दिसंबर से शुरू हो जाएगा, यह सुखद। आरटीओ छूट की भी जल्दी घोषणा हो जानी चाहिए। ताकि ऑटोमोबाइल सेक्टर लगाने की तैयारी शुरू कर सकें।अधिक लोगों को छूट का लाभ मिले इसके लिए हम कंपनियों से अतिरिक्त स्टॉक भेजने की भी मांग करेंगे, जिन कारों पर वेटिंग अधिक है, वे भी उपलब्ध कराने की पूरी कोशिश रहेगी।
हरिकांत समाधिया, मैनेजिंग डायरेक्टर, रॉयल ग्रुप
इस बार इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में अच्छे व्यापार की है उम्मीद
हम जरूर मेले में हिस्सा लेंगे, जिसके लिए जल्द ही विभिन्न कंपनियों से चर्चा की जाएगी। कोरोना खत्म हो गया है, ऐसे में उम्मीद है कि मेला पूरी क्षमता के साथ लगेगा। बहुत ही अच्छे व्यापार की उम्मीद है।
नवीन महेश्वरी, डायरेक्टर, मनीष सेल्स
