राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को MP में, ग्वालियर की प्रयोगशाला का वर्चुअली शिलान्यास करेंगी

भोपाल. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को मध्य प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर आएंगी। वे मंगलवार को शहडोल के लालपुर ग्राम में बिरसा मुंडा के जन्मदिवस पर जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। उनकी उपस्थिति में शिवराज सरकार मध्य प्रदेश में पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम (पेसा) के प्रविधानों को लागू करेगी। वहीं, बुधवार को राष्ट्रपति भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में महिला स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन में भाग लेंगी। सरकार ने राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए अगवानी, विदाई और सत्कार के लिए मिनिस्टर इन वेटिंग नियुक्त कर दिए हैं।

राष्ट्रपति जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगी
प्रदेश में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस सभी पंचायतों में मनाया जाएगा। सरकार ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम इस बार शहडोल में करने का निर्णय लिया है। पिछले साल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए आए थे। राष्ट्रपति दोपहर दो बजे शहडोल पहुंचकर जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगी। यहां सरकार सामाजिक समरसता लाने के उद्देश्य से पेसा कानून लागू करेगी।

ग्वालियर की प्रयोगशाला का वर्चुअली शिलान्यास करेंगी
यहां से राष्ट्रपति जबलपुर होती हुईं शाम पांच बजे भोपाल विमानतल से सीधे राजभवन पहुचेंगी। यहां साढ़े छह बजे से सवा सात बजे तक पारंपरिक स्वागत होगा। इसके बाद वे रातापानी-ओबेदुल्लागंज-इटारसी राजमार्ग को फोरलेन और रक्षा अनुसंधान एवं विकास स्थापना ग्वालियर की प्रयोगशाला का वर्चुअली शिलान्यास करेंगी। बुधवार को भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में महिला स्वसहायता समूहों के सम्मेलन में भाग लेने के बाद दिल्ली लौटेंगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *