भितरवार की पार्वती नदी के दियादाह घाट के पास मिले 2 युवतियों के शव

ग्वालियर. भितरवार में सोमवार को उस समय हलचल मच गई जब लोगों को पता चला कि पार्वती नदी के दियादाह घाट के पास पानी में दो युवतियों के शव पड़े हुए है। दोनों युवतियां भितरवार की हैं और पिछले दो तीन दिन से लापता थी और थाने में गुमशुदा का मामला दर्ज था। एक साथ दोनों युवतियों के शव मिलने से दहशत का माहौल बन गया और जानकारी पाकर लोग दियादाह घाट की तरफ पहुंच गए। साथ ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भेजा है और मामले की जांच करना शुरू कर दिया है।

क्या है पूरा मामला
घटनाक्रम के मुताबिक भितरवार के वार्ड क्रमांक सात में रहने वाले धनीराम प्रजापति की 22 वर्षी बेटी शिवानी प्रजापति व उनके मकान में किराए से रहने वाली खोर गांव निवासी 18 वर्षीय भावना पुत्री रघुवीर रावत दो तीन दिन से लापता थी। स्वजनों ने इनकी तलाश की, लेकिन जब नहीं मिली तो पुलिस थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। सोमवार सुबह लोग जब दियादाह घाट पर गए तो उन्हें दोनों युवतियों के शव नदी के किनारे पानी में पड़े मिले। इससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों ने पुलिस व स्वजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्वजन भी। पुलिस ने पंच नामा बनाकर शवों को कब्जे में लिया और पीएम के लिए भेजा। मौके पर भितरवार थाना प्रभारी व एसडीओपी भी पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच करना शुरू कर दिया है।

दोनों युवतियों में थी अच्छी मित्रता
पुलिस सूत्रों ने बताया कि भावना रावत शिवानी के मकान में किराए से रहती थी। दोनों में अच्छी खासी मित्रता भी थी। वे बाजार से लेकर सभी जगहों पर एक साथ ही जाती थी। लेकिन दो दिन पहले जब वे घर से गई तो किसी ने कुछ शक नहीं किया। लेकिन जब वे काफी देर तक घर नहीं आई तब स्वजनों ने दोनों की तलाश करना शुरू कर दिया। सोमवार को दोनों के शव नदी में मिले।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *