भाजपा के गुजरात फार्मूले से सकते में अंचल के मंत्री और विधायक
ग्वालियर. गुजरात चुनाव की तपिश ग्वालियर अंचल में महसूस की जा रही है, क्योंकि गुजरात भाजपा की बड़ी प्रयोगशाला है। दो दिन पहले भाजपा ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए टिकट की घोषणा की है। इसमें 30 प्रतिशत स्टेंडिंग विधायक व मंत्रियों के टिकट काट दिए हैं। 182 सीटों में से 160 पर भाजपा प्रत्याशी घोषित कर चुकी हैं, जबकि कई मंत्रियों सहित 38 विधायकों के टिकट काटे हैं। यदि मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारी तय करने के लिए यह फार्मूला अपनाया जाता है, तो अंचल के कई मंत्रियों व स्टेंडिंग विधायकों के टिकट कट सकते हैं।
प्रदेश में वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में अंचल के छह मंत्रियों को चुनाव में उतारा था, इनमें से चार मंत्री हार गए थे। केवल गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा व खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया जीतकर विधानसभा पहुंच सकी थी। भाजपा की आंतरिक रिपोर्ट में वर्तमान में अंचल के कई मंत्रियों व विधायकों की स्थिति अच्छी नहीं हैं। इस कारण टिकट कटने की आशंका से कई मंत्री व विधायक अभी से चिंतित नजर आ रहे हैं। इनमें कुछ मंत्री व विधायक कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले भी हैं। गुजरात को भाजपा की बड़ी प्रयोगशाला माना जाता है। हर नए फार्मूले को राष्ट्रीयस्तर पर लागू करने के लिए भाजपा पहले उसका प्रयोग गुजरात में करती है। पिछले डेढ़ दशक से भाजपा में नए चेहरों व युवाओं को आगे लाने के लिए संगठन निरंतर कार्य कर रहा है। संगठन ने गुजरात विधानसभा चुनाव में 30 प्रतिशत नए चेहरों को मैदान में उतारा है, जबकि कई दिग्गज मंत्रियों व विधायकों के टिकट नहीं दिए हैं। सबसे बड़ी बात यह रही है कि टिकटों की घोषणा के बाद बगावत का एक भी स्वर नहीं फूटा है। अगर इस फार्मूले से भाजपा गुजरात में एक बार सरकार बनाने में सफल होती है तो पार्टी अगले वर्ष मध्य प्रदेश सहित चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में नए चेहरों को चुनाव में उतारने पर विचार कर सकती है।
