किला गेट पर रोड पर अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, पुलिस का बल प्रयोग, 15 मकान-दुकान जमींदोज किए

ग्वालियर. फूलबाग से सेवा नगर तक बन रही सड़क के किनारे से अतिक्रमण हटाने के लिए नगरनिगम व प्रशासन अमला पहुंचा। अमले ने पहुंचते ही पहले से चिन्हित अतिक्रमण को हटाना शुरू कर दिया। लोगों ने जैसे ही अपनी दुकानों व मकानों को टूटता देखा तो उनका आक्रोश भड़क गया और उन्होंने पहले धरना दिया ओर ऊर्जा मंत्री के खिलाफ नारे लगाना शुरू किए। जब प्रशासन के अमला इससे नहीं रुका तो उन्होंने विरोध कर काम करने से रोका। ऐसे में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर विरोध करने वालों को गिरफ्तार कर लिया और थाने भेजा। प्रशासन की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया।

क्या है पूरा मामला
फूलबाग से सेवा नगर तक सड़क का निर्माण चल रहा है। किला गेट क्षेत्र में सड़क के दोनों किनारों पर अतिक्रमण होने से सड़क का काम रुका हुआ था। इधर सड़क न बनने की वजह से ऊर्जा मंत्री ने जूते चप्पल त्याग करने का संकल्प लिया था। इससे अफसराें पर दवाब था। रविवार को निगम व प्रशासन का अमला पुलिस बल लेकर किला गेट पर अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंच गया। जैसे ही अमले ने काम करना शुरू किया वैसे ही लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। लोगों ने प्रशासन के काम को हर संभव रोकने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर विरोध कर रहे लोगाें को हिरासत में ले लिया।

बनी तनाव की स्थिति
लोगों के विरोध करने व पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग करने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। इसके बाद मौके पर और पुलिस बल तैनात किया गया। जिससे यदि अप्रिय स्थति बने तो उसे काबू में किया जा सके।

हंगामा कर रहे लोगों पर पुलिस बल का किया प्रयोग

हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम ने कोई भी नोटिस नहीं दिया और अचानक कार्रवाई शुरू कर दी जिसके चलते उनकी घर गृहस्थी के सामान का काफी नुकसान हो गया है और मकान दुकान टूटने से वह सड़क पर आ गए हैं। बता दें कि फूलबाग चौराहे से किला गेट रास्ते पर सड़क मार्ग चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है ऐसे में किला गेट चौराहे पर अतिक्रमण के चलते इस कार्य में परेशानी भी आ रही थी लिहाजा अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर चला और उसे मुक्त कराया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *