स्मार्ट सिटी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का संभागीय आयुक्त, कलेक्टर एवं निगमायुक्त ने किया निरीक्षण

ग्वालियर संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने गुरुवार को स्मार्ट सिटी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया ।डीन डा. अक्षय निगम एवं अधीक्षक डा. आर के एस धाकड ने बताया कि पुराने आरटीओ कार्यालय का भवन उन्हें हैन्डओवर तो हो चुका है लेकिन अभी खाली नहीं किया, जिसको लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही एक हजार बिस्तर के अस्पताल को जयारोग्य अस्पताल से कनेक्ट करने वाले मार्ग को लेकर कहा कि इसके 3 विकल्प अन्डर ब्रिज, ओवर ब्रिज एवं मुख्य रोड को बंद कर अस्पताल से कनेक्ट किया जा सकता हैं। तीनों पर चर्चा कर शीघ्र प्रस्ताव बनाएं कि कौन से विकल्प बेहतर रहेगा। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन के साथ पीडब्ल्यूडी एवं नगर निगम समन्वय बनाकर कार्य करें।
इसके बाद राजपायगा रोड के निर्माण कार्य को देखा तथा धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की तथा एक माह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित ठेकेदार को दिए। इसके साथ ही सीईओ स्मार्ट सिटी श्रीमती नीतू माथुर को निर्देश दिए कि प्रतिदिन कार्य की मॉनीटरिंग कर रिपोर्ट दें। वहीं आमखों रोड का निरीक्षण करते हुए यहां भी कार्य की गति धीमी होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ठेकेदार को फटकार लगाई और एक माह में हर हाल में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि आगामी माह में खेलो इंडिया का आयोजन हॉकी अकेडमी में किया जाना है। इसलिए इस कार्य को समय सीमा में पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त ने गोरखी में बने डिजीटल म्यूजियम एवं गोरखी स्कूल में पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी बाजपेयी की स्मृति को संजोने के लिए बनाए गए अटल म्यूजियम का अवलोकन किया। इसके साथ ही बाडे की यातायात समस्या के निराकरण के लिए स्कूल के पास गोरखी परिसर में ही बन रहीं मल्टीलेवल कार पार्किंग के कार्य को देखा तथा संबंधित ठेकेदार को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महाराज बाडे पर स्मार्ट सिटी द्वारा बनाए जा रहे पेडस्टियन जोन के निर्माण कार्य का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *