किले पर छात्र को ले गए और बुरी तरह पीटा, सिगरेट-गांजा पिलाया, सहमे छात्र ने स्कूल जाना छोड़ा
ग्वालियर. 15 साल के स्टूडेंट को कुछ लड़के जबरन किले पर ले गए, जहां उन्होंने उसे चप्पलों से पीटा और चांटे मारे। उसे जबरन सिगरेट और गांजा भी पिलाया। घटना के बाद से पीड़ित छात्र इतनी दहशत में है कि उसने स्कूल तक जाना छोड़ दिया है। मामला ग्वालियर के लोको तानसेन रोड का है। आरोपी कुछ दिन पहले पीड़ित छात्र को जबरदस्ती किले पर लेकर गए थे। उन्होंने उस पर किसी लड़की को छेड़ने का आरोप लगाकर चांटे मारे। मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। दहशत के चलते छात्र महीनेभर से स्कूल तक नहीं जा रहा है। सोमवार को आरोपी एक बार फिर आए और लड़के को किले पर ले जाने लगे। छात्र ने विरोध किया तो उसे बेल्ट से पीटा। पीड़ित छात्र माता-पिता के साथ पुलिस अफसरों के पास पहुंचा। जहां उसने चप्पल से पिटाई का VIDEO भी दिया।
लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगाकर बेइज्जत करते हैं
दसवीं क्लास के 15 वर्षीय छात्र ने पुलिस अफसरों को बताया- यश माहेश्वरी, जतिन, साहिल शिवहरे, निहाल परिहार व हिजार खान मुझे आए दिन परेशान कर रहे हैं। मुझ पर स्कूल में किसी लड़की को छेड़ने का आरोप लगाकर चप्पलों से पीटते हैं। ये लड़के मुझे बाइक पर बैठाकर जबरन किले ले गए। वहां मुझे बेइज्जत किया। उन्होंने VIDEO शूट कर बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। किले पर मुझे जबरन सिगरेट और गांजा भी पिलाया। मैंने घर से निकलना भी बंद कर दिया है। सोमवार को यहीं लड़के मेरी गली में घर के सामने आ गए। वहां मुझे घेरकर ले जाने लगे। जब मैंने विरोध किया तो वहीं मुझसे मारपीट करने लगे। कुछ गली के लोगों ने उसे बचाया है। पता नहीं वो मुझे क्यों किले पर ले जाकर मारपीट करते हैं और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर देते हैं। स्कूल में कोई छेड़छाड़ का आरोप लगाते हैं। किले पर मारपीट करते समय कहते हैं, अरे इसे नीचे फेंक दो किसी को पता भी नहीं चलेगा। इसी कारण मैं कई दिनों से स्कूल तक नहीं गया हूं।
दहशत में एक महीने से स्कूल नहीं गया छात्र
पहली मारपीट इन लड़कों ने करीब एक से सवा महीने पहले की थी। उस पर स्कूल में छेड़छाड़ का आरोप लगाया था, जबकि यह लड़के उसके स्कूल में भी नहीं पढ़ते हैं। इस घटना के बाद से छात्र ने स्कूल जाना बंद कर दिया था। दहशत में छात्र करीब एक महीने से स्कूल तक नहीं गया है। परिजन पूछते थे तो बीमारी का बहाना बनाकर टाल देता था। पर एक दिन पहले जब लड़कों ने घर के पास आकर मारपीट की और हंगामा किया तो परिजन को पूरे मामले का पता लगा।
शिकायत करने में भी लग रहा था डर
छात्र के परिजन जब उसे पुलिस अफसरों के पास लेकर पहुंचे तो छात्र दहशत में था। उसे लग रहा था कि वह शिकायत करेगा तो वो लोग फिर उसे घेरकर मारपीट करेंगे। पर पुलिस अफसरों ने उसे समझाया कि अब कोई उसे कुछ नहीं करेगा वो सच बताए। इसके बाद उसमें हिम्मत आई और उसने पूरी घटना के बारे में आपबीती सुनाई।
वीडियो के आधार पर कर रहे कार्रवाई
एएसपी क्राइम राजेश दंडौतिया का कहना है कि नाबालिग छात्र के साथ कुछ लड़कों ने किले पर ले जाकर मारपीट की है। उसके बाद उसका VIDEO बनाकर वायरल कर दिया है। छात्र ने वो VIDEO भी दिया है। उसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
