मनीष सिसोदिया के PA को ED ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली. दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने दावा किया है कि शराब नीति मामले में उनके पीए को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच को आगे बढ़ाते हुए प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार सुबह कुछ स्थानों पर छापा मारा था, जिनमें मनीष सिसोदिया का पीए भी शामिल है। हालांकि ईडी की ओर से अभी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि भाजपा के कहने पर ईडी ने पहले मेरे घर पर, ऑफिस पर, गांव पर छापा मारा, लेकिन कुछ नहीं मिला। अब पीए के घर पर छापा मारा, लेकिन वहां भी कुछ नहीं मिला, तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। भाजपा चुनाव में डर गई है।

केजरीवाल ने राज्यसभा सीट के बदले मांगे थे 500 करोड़
ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में जेल की सजा काट रहे सुकेश चंद्रशेखर ने आम आदमी पार्टी के सबसे बडे़ नेता अरविंद केजरीवाल पर सबसे बड़ा आरोप लगाया है। सुकेश चंद्रशेखर ने चिट्ठी लिखकर आरोप लगाया है कि केजरीवाल ने उसे राज्यसभा में भेजने का प्रलोभन दिया था और पार्टी फंड के लिए 500 करोड़ रुपए जुटाने के लिए कहा था। बकौल चंद्रशेखर, अरविंद केजरीवाल ने कर्नाटक में बड़ा पद लेने की बात भी कही थी। बहरहाल, आम आदमी पार्टी की ओर से डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने जवाब दिया। सिसोदिया के मुताबिक, भाजपा ने जेल में बंद महाठग के साथ डील की है। अब वह अरविंद केजरीवाल के खिलाफ रोज आरोप लगाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *