सिरोल में चोरी का सनसनीखेज मामला, चोर घर से 125 जिंदा कारतूस व लाखों रुपए के सोना-चांदी के गहने ले गए
ग्वालियर. ग्वालियर के सिरोल इलाके में चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसमें चोर एक घर में घुसे, घर के अंदर रखे 125 जिंदा कारतूस और लाखों रुपए के सोना-चांदी के गहने समेट ले गए। जो कारतूस चोर ले गए, वह अलग-अलग बोर के हथियार के हैं। मकान मालिक के यहां लाइसेंसी हथियार हैं, जिनके यह कारतूस एक जगह रखे हुए थे। चोरी होने का पता जब लगा तब खलबली मच गई। आनन-फानन में पुलिस को बुलाया गया। एकसाथ इतने कारतूस चोरी होने की घटना से पुलिस अधिकारी भी सकते में आ गए हैं।
सिरोल स्थित हुरावली के सी ब्लाक में रहने वाले विजय पुत्र भौरी सिंह सिकरवार उम्र 36 वर्ष परिवार के साथ घर से बाहर गए हुए थे। उनके सूने घर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। चाेर अंदर घुसकर पिस्टल के 50 कारतूस, 12 बोर के 100 कारतूस और 315 बोर की रायफल के 50 कारतूस चोरी कर ले गए। इसके अलावा सोना-चांदी के गहने भी चोर समेट ले गए। चोरी होने का पता तब लगा जब वह घर लौटकर आए। जब लौटकर आए और घर के अंदर सामान बिखरा देखा तब चोरी होने का पता लगा। अंदर से गहने और कारतूस गायब थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सिरोल थाने का फोर्स फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट के साथ पहुंचा। पुलिस ने पड़ताल की कुछ फिंगरप्रिंट यहां से टीम को मिले हैं। जिनके चांस प्रिंट लेकर मिलान किया जा रहा है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं, जिससे कुछ सुराग मिल सके। एक जगह कुछ संदेही नजर आए हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं है कि वह चोर ही है या नहीं। पुलिस को यह भी आशंका है कि हो सकता है कोई ऐसा व्यक्ति चोर हो जिसे पता था कि यह लोग घर से बाहर गए हैं। इसलिए हर एंगल पर पड़ताल हो रही है।
