घर लौट रहे मजदूरों का वाहन बस से टकराया, 11 की मौत
बैतूल. मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के परतवाड़ा मार्ग पर ग्राम झल्लार में रात करीब दो बजे बस और टवेरा कार की टक्कर होने से जीप में सवार 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 5 पुरुष, 4 महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। बैतूल पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद ने बताया कि झल्लार के पास खाली जा रही बस क्रमांक एमपी 48 पी 0193 और टवेरा कार के बीच टक्कर हो गई। कार में सवार सभी लोग मजदूर हैं जो महाराष्ट्र के कलम्भा से अपने गांव लौट रहे थे। चार शवों को क्षतिग्रस्त कार के हिस्सों को काटकर बाहर निकाला गया है। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। साथ ही बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बस चालक यशवंत परते घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद बैतूल कलेक्टर और एसपी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।
20 दिन बाद घर लौट रहे थे मजदूर, रास्ते में हो गया हादसा
बैतूल जिला मुख्यालय से करीब 35 किमी दूर परतवाड़ा मार्ग पर ग्राम झल्लार में बस और जीप की टक्कर में जान गंवाने वाले 11 लोग करीब 20 दिन बाद अपने घर लौट रहे थे। महाराष्ट्र में मजदूरी करने के बाद वापस लौटते समय रास्ते में हादसे ने उनकी जान ले ली। जिस जीप में सवार होकर वो लौट रहे थे, उसके चालक को अचानक झपकी आई, जिसके कारण जीप अनियंत्रित होकर तेज रफ्तार से बस से टकरा गई। कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस ने बताया कि बस और जीप की टक्कर में 11 लोगों की मौत हुई है। इनमें 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं जो मेंढ़ा, चिखलार और महतगांव के हैं।
हादसे में इन्होंने गंवाई जान
मृतकों में लक्ष्मण पिता सुखराम भुसमकर (30) निवासी मेंढ़ा, किशन पिता लीलाजी मावस्कर (32) निवासी महतगांव, कुसुम पति किशन मावसकर (28) निवासी महतगांव, अनारकली पति केजा मावस्कर (35) महतगांव, संध्या पिता केजा (5), अभिराज पिता केजा उम्र डेढ़ वर्ष, अमर धुर्वे पिता साहबलाल धुर्वे (35) निवासी चिखलार, मंगल पिता नन्हेसिंह उईके (37), नंदकिशोर धुर्वे (48), श्यामराव पिता रामराव झरबड़े (40) और रामकली पति श्यामराव (35) निवासी चिखलार शामिल हैं।
