8 हजार के लिए की थी नगर निगम कर्मचारी की हत्या, पुलिस ने पिण्टो पार्क पर दबोचा
ग्वालियर. 8 हजार रुपए के लेनदेन पर दोस्त की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी मंतोष उर्फ बृजेश को पिण्टो पार्क स्थित घर आते समय रास्ते में ही पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पड़ताल में पता चला है कि हत्या का कारण 8 हजार रुपए की उधारी थी जो मृतक वापस नहीं कर रहा था तो आरोपी दोस्त ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। गोला का मंदिर थाने के एडीशनल एसपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पिण्टो पार्क शिव कॉलोनी निवासी विकास यादव निगम कर्मचारी था और उसकी दोस्ती मंतोष उर्फ बृजेश झा से थी। दो दिन पहले कॉल कर मंतोष ने विकास को घर के बाहर बुलाया और गोली मारकर हत्या की थी। इस मामले में पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन वह फरार हो गया।
पिण्टो पार्क पर जैसे ही आरोपी पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोचा
गुरुवार सुबह सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर आने वाला है। इसका पता चलते ही पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया और पिण्टो पार्क पर जैसे ही आरोपी पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस अब पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में जुट गई है।
