बाइक सवार बदमाशों ने तीन बार किए हवाई फायर, CCTV में कैद हरकत
ग्वालियर. ग्वालियर में आधी रात बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक के बाद एक तीन गोलियां चलाने से दहशत फैल गई। घटना उपनगर मुरार की बंगाली कॉलोनी की है। गोली किसके घर को निशाना बनाकर चलाई गई, यह साफ नहीं हो सका है। गोलियां चलाते हुए बाइक सवार CCTV कैमरे में कैद हुए हैं। मुरार पुलिस CCTV फुटेज की मदद से बदमाशों को तलाश रही है। उपनगर मुरार के बंगाली कॉलोनी इलाके में रात12 बजे सूचना मिली थी कि बंगाली कॉलोनी में बाइक से आए बदमाशों ने फायरिंग की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो गोली चलने की बात तो सब कह रहे थे, लेकिन कोई उन्हें पहचानता नहीं था। इधर, पुलिस को पता चला कि पास ही लगे CCTV कैमरों में बदमाश फायरिंग करते हुए कैद हुए हैं। बदमाशों ने एक के बाद एक तीन गोलियां चलाई थीं।
बाइक पर आए थे बदमाश
फुटेज में नजर आ रहा है कि तीन बदमाश एक बाइक पर सवार होकर आए थे। पीछे बैठे बदमाशों ने फायर किए थे। मुरार थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि बाइक से आए बदमाशों ने फायरिंग की है। CCTV फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। अभी इस मामले में किसी ने कोई शिकायत नहीं की है।
