आईएमए की सभा में ग्वालियर के डाक्टर काे दिया धक्का तो जबलपुर के आइएमए अध्यक्ष की हुई पिटाई
जबलपुर. जबलपुर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन मध्य प्रदेश की वार्षिक बैठक ने अखाड़े का रूप ले लिया। यहां मीटिंग के दौरान डॉक्टर आपस में भिड़ गए और जमकर लात-घूंसे चलाए। यह सबकुछ हुआ स्वागत भाषण के दौरान। मारपीट का VIDEO सोमवार को सामने आया है। IMA के प्रदेश सचिव और जबलपुर अध्यक्ष डॉ. पांडे ने बताया कि डॉ. राकेश पाठक को एसोसिएशन का प्रदेश अध्यक्ष एक साल पहले बना दिया गया था। यहां उनका सम्मान किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक इंदौर-ग्वालियर के कुछ डॉक्टर IMA का हेड क्वार्टर इंदौर या ग्वालियर में शिफ्ट करने की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। मैंने हंगामे का विरोध किया तो वे लोग मंच पर आ गए। बदसलूकी करते हुए मेरे साथ हाथापाई की। मैंने तो बस अपना बचाव किया।
मारपीट करने वाले इंदौर व ग्वालियर के डॉक्टरों ने वीडियो वायरल किया
डॉ. पांडे ने बताया कि मारपीट करने वाले इंदौर और ग्वालियर के डॉक्टरों ने ही वीडियो वायरल किया है। जीवाजी मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग में पदस्थ डॉक्टर सुनील अग्रवाल और डॉक्टर एएस भल्ला ने साथियों के साथ मारपीट की है। उन्होंने आगे कहा, ग्वालियर और इंदौर से आए डॉक्टरों का रवैया डॉक्टर जगत को शर्मशार करने वाला है।
जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक जबलपुर IMA के अध्यक्ष डॉ. अमरेंद्र पांडे बैठक के शुभारंभ अवसर पर स्वागत भाषण दे रहे थे। भाषण लंबा होने पर भोपाल, उज्जैन, इंदौर और ग्वालियर से आए डॉक्टरों ने इसका विरोध किया। डॉ. पांडे ने भी मंच से जवाब दिया। इस दौरान ग्वालियर IMA के सदस्यों को बाहर निकालने के साथ ही अपशब्द कहे गए। इस पर वे भड़क गए। वे मंच पर पहुंचे और डॉक्टर पांडे से बहस करने लगे। इस दौरान दोनों ओर से धक्का-मुक्की हुई। फिर लात-घूंसे बरसने लगे। विवाद बढ़ता देख IMA जबलपुर के पदाधिकारियों ने पुलिस को कॉल कर दिया। हालांकि पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शिकायत नहीं होने पर समझाइश देकर वापस लौट गई।
