ग्वालियर-चंबल में अब मिलावटी पेट्रोल-डीजल, हाईवे पर ढाबों से पकड़ा 2.25 लाख का ईंधन

ग्वालियर. ग्वालियर-चंबल में अब नकली पेट्रोल-डीजल भी पकड़ा गया है। ग्वालियर के आसपास हाईवे पर बने ढाबों पर केरोसिन मिलाकर पेट्रोल-डीजल भेजा जा रहा था। पुलिस ने ढाबों से सवा 2 लाख रुपए का पेट्रोल-डीजल पकड़ा है। ये लोग हाईवे से गुजरने वाले ट्रकों से चोरी कर या सस्ते में खरीदकर इसे आसपास के इलाकों में बेचते हैं। एएसपी क्राइम राजेश दंडौतिया ने सूचना के बाद टीम गठित की थी। मुखबिर के बताए स्थान थाना मोहना के ग्राम दौरार के पास न्यू यूपी उत्तराखंड ढ़ाबा शिवहरे आरटीसी की तलाशी लेने पर 7 ड्रम पेट्रोल से भरे हुए मिले। जिसमें लगभग 1500 लीटर पेट्रोल और आधा ड्रम डीजल (150 लीटर) मिला। टीम ने थाना घाटीगांव में वर्मा होटल रेहट में दबिश दी तो 8 ड्रम में करीब 510 लीटर डीजल और 2 केन में 28 लीटर पेट्रोल के अलावा 15 लीटर केरोसिन मिला। मामले में ढाबा मालिक समेत दो को हिरासत में लिया है।

किसानों को बाजार से 15 रु कम कीमत पर बेचते थे
ढाबों से पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह ढाबा पर आने वाले ट्रक व टैंकरों से सस्ती दर पर पेट्रोल-डीजल खरीदकर उसमें मिलावट कर उसकी मात्रा को बढ़ाते थे। उसके बाद मिलावटी पेट्रोल-डीजल को किसानों को बाजार दाम से 10-15 रुपए कम कीमत पर बेच देते थे। थाना घाटीगांव व मोहना पुलिस द्वारा द्वारा अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *