MP में ठेकेदार ने मंत्री को दिवाली पर तिजोरी गिफ्ट की
भोपाल. दिवाली पर मिठाई और गिफ्ट देने-लेने की परंपरा है। इस दिवाली एक मंत्री को उनके शुभचिंतक ने तिजोरी गिफ्ट की है। तिजोरी देने वाला कोई रिश्तेदार नहीं, बल्कि बड़ा ठेकेदार है। सुना है कि ठेकेदार धनतेरस के दिन मंत्री के भोपाल स्थित निजी आवास पर पहुंचा था। इस दौरान मंत्रीजी घर पर नहीं थे। उनके भतीजे ने ठेकेदार से गिफ्ट स्वीकार किया। इतना भारी भरकम गिफ्ट देखकर भतीजा पहले तो हक्का-बक्का रह गया, लेकिन उसने बिना कोई सवाल किए उसे घर की ऊपरी मंजिल में रख दिया।
ठेकेदार ने तजोरी की पैकिंग ऐसी कराई थी कि उसके अंदर क्या है? यह कोई उम्मीद भी नहीं कर सकता। मंत्री के घर पहुचंने से पहले ही घर में मौजूद परिजन ने बक्से को खोला तो अवाक रह गए। बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने यह तिजोरी विशेष ऑर्डर देकर बनवाई है। मंत्रीजी को गिफ्ट में तिजोरी मिली, इसका ढिंढोरा उनके रिश्तेदार ही पीट रहे हैं। यही वजह है कि कई कानों से होते हुए यह खबर ‘सरकार’ तक पहुंच गई। बता दें, ये वही मंत्री हैं, जिनकी ‘सरकार’ से बिल्कुल भी पटरी नहीं बैठती। हाल ही में महाकौशल के जिले के नगर निगम कमिश्नर को उनके दबाव में ही हटाया गया था।
