गुना में बेहोश मिली 15 साल की छात्रा, गैंगरेप की आशंका, 9 में से 3 आरोपी अरेस्ट

गुना. गुना के बीनागंज इलाके में 15 साल की छात्रा बेहोशी की हालत में मिली। वह शुक्रवार सुबह स्कूल के लिए निकली थी। देर शाम तक नहीं लौटी। परिवार ने तलाश किया तो देर रात एक मकान के पीछे बेहोशी की हालत में मिली। बीनागंज स्वास्थ्य केंद्र से छात्रा को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने किडनैपिंग और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया है। छात्रा के अपहरण में 9 लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने 3 को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा के साथ गैंगरेप की आशंका है। पुलिस छात्रा के होश में आने का इंतजार कर रही है।

घटना से नाराज लोगों ने चांचौड़ा-बीनागंज में जाम लगा दिया है। लोग चांचौड़ा थाने में ज्ञापन देने पहुंचे। चांचौड़ा से कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह भी मौके पर पहुंचकर धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे 9 आरोपियों को गिरफ्तार कीजिए, तभी यहां से उठेंगे। उन्होंने आरोपियों के घर गिराने की मांग की है। चांचौड़ा की पूर्व विधायक और भाजपा नेता ममता मीणा भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। पूर्व विधायक के साथ उनके पति रिटायर्ड IPS रघुवीर सिंह मीणा भी प्रदर्शन में शामिल हैं।

बच्ची के पिता ने बताया कि बेटी स्कूल के लिए गई थी। 4.30 बजे तक वापस आ जाती है, लेकिन जब काफी देर हो गई तो पहले हमने सोचा कि शायद सहेली के साथ गई होगी। हमारे पास फोन आया कि बच्ची मकान के पीछे पड़ी हुई है। वहां पहुंचे तो बेटी बेहोश पड़ी थी। उसे इलाज के लिए बीनागंज स्वास्थ्य केंद्र ले गए, वहां से गुना रेफर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *